LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 
नीदरलैंड ने नामीबिया को हराया (तस्वीर: एक्स/@KNCBcricket)

टी-20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Feb 10, 2026
02:06 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 10वें मैच में नीदरलैंड क्रिकेट टीम ने नामीबिया क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराया। अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 156/8 का स्कोर बनाया। जवाब में डच टीम ने बास डे लीडे की पारी (72*) की मदद से लक्ष्य हासिल किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट में नीदरलैंड की पहली जीत है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती नीदरलैंड की टीम 

नामीबिया को लौरेन स्टीनकैंप (6) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद जान फ्राइलिंक (30) और जान निकोल लोफ्टी-ईटन (42) ने उम्दा पारियां खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में नीदरलैंड ने पावरप्ले तक 50/2 का स्कोर बनाया। इस बीच उनके दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हुए। संकट की घड़ी में बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन (32) ने उपयोगी पारियां खेलते हुए जीत दिलाई।

पारी 

बास डी लीडे ने लगाया अर्धशतक, प्लेयर ऑफ द मैच बने  

लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड को जब 16 के स्कोर पर पहला झटका लगा, तब बास डी लीडे क्रीज पर आए। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय का 5वां अर्धशतक लगाया। वह 48 गेंदों में 72 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कॉलिन एकरमैन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की। एकरमैन 32 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

अंक तालिका 

नीदरलैंड ने दर्ज की अपनी पहली जीत 

टी-20 विश्व कप 2026 में नीदरलैंड ने अपनी पहली जीत दर्ज की। डच टीम ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें से 1 में जीत और 1 में ही हार मिली है। ग्रुप-A की अंक तालिका में ये टीम फिलहाल दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस ग्रुप में भारतीय क्रिकेट टीम शीर्ष पर मौजूद है, जिसने अपने पहले मैच में USA को हराया था। नामीबिया का यह पहला मुकाबला था, जिसमें उन्हें हार मिली थी।

Advertisement

जीत 

नीदरलैंड ने टी-20 विश्व कप इतिहास में जीता अपना 11वां मैच  

यह टी-20 विश्व कप में नीदरलैंड की कुल 11वीं जीत है। इस टूर्नामेंट के इतिहास में नीदरलैंड सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली एसोसिएट टीम है। इसके बाद स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम ने 8 मुकाबले जीते हुए हैं। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम और नामीबिया क्रिकेट टीम ने 5-5 जीत दर्ज की हुई है। इसी सूची में आयरलैंड क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप में कुल 3 मुकाबले जीते हैं।

Advertisement