LOADING...
टी-20 विश्व कप इतिहास में इटली ने दर्ज की अपनी पहली जीत, नेपाल को दी शिकस्त
इटली ने जीता मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@CricketNep)

टी-20 विश्व कप इतिहास में इटली ने दर्ज की अपनी पहली जीत, नेपाल को दी शिकस्त

Feb 12, 2026
05:56 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 17वें मैच में इटली क्रिकेट टीम ने नेपाल क्रिकेट टीम को 10 विकेट से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए मुकाबले में नेपाल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 123 रन बनाए। जवाब में इटली की टीम ने 13वें और में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इटली ने आसानी से जीता मैच 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 49 रन तक अपने 3 विकेट गंवाए। इसके बाद भी नेपाल के विकेटों के गिरने का क्रम जारी रहा। इस बीच आरिफ शेख ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। अंत में करन केसी ने 11 गेंदों में 18 रन का योगदान देते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। जवाब में इटली को जस्टिन मोस्का (60*) और एंथनी मोस्का (62*) ने अर्धशतक लगते हुए जीत दिलाई।

गेंदबाजी 

क्रिशन कलुगामागे ने लिए 3 विकेट, बने प्लेयर ऑफ द मैच 

इटली की ओर से क्रिशन कलुगामागे सबसे सफल गेंदबाज रहे। इस स्पिनर ने अपने 4 ओवर के कोटे में 18 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 20 पारियों में 17.95 की औसत और 6.46 की इकॉनमी रेट के साथ 23 विकेट लिए। दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर बेन मानेंटी ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए।

Advertisement

पारी 

जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने लगाए अर्धशतक 

लक्ष्य का पीछा करते हुए जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने अपने-अपने अर्धशतक लगाए। बाएं हाथ के बल्लेबाज जस्टिन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय का अपना चौथा अर्धशतक 37 गेंदों में पूरा किया। वहीं, एंथनी ने भी अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक सिर्फ 28 गेंदों में पूरा किया। मोस्का बंधुओं ने शतकीय साझेदारी करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।

Advertisement

साझेदारी 

जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने साझेदारी में बनाया विश्व रिकॉर्ड 

मोस्का बंधुओं ने शतकीय साझेदारी (124*) करते हुए इतिहास रच दिया। दरअसल, यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में 2 भाइयों द्वारा बनाई गई पहली शतकीय साझेदारी है। इससे पहले कामरान अकमल और उमर अकमल की भाइयों की जोड़ी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन की साझेदारी की थी। इस सूची में तीसरे पायदान पर इटली के बेंजामिन मनेन्टी और हैरी मनेन्टी ने स्कॉटलैंड (2026) के खिलाफ 73 रन की साझेदारी की थी।

अंक तालिका 

इटली ने दर्ज की पहली जीत 

ग्रुप-C में मौजूद इटली की टीम ने अपनी पहली जीत दर्ज की। अंक तालिका में इटली की टीम तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। नेपाल की यह लगातार दूसरी हार है। इस ग्रुप में नेपाली टीम आखिरी 5वें स्थान पर हैं। ग्रुप-C में वेस्टइंडीज की टीम शीर्ष पर मौजूद है। कैरेबियाई टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। स्कॉटलैंड की टीम दूसरे पायदान पर मौजूद हैं।

Advertisement