टी-20 विश्व कप 2026: मोनांक पटेल USA के लिए 1,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 26वें मुकाबले में USA क्रिकेट टीम के कप्तान मोनांक पटेल ने नामीबिया के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (52) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां और नामीबिया के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 27 गेंदों में पूरा किया। यह टी-20 विश्व कप में उनका दूसरा ही अर्धशतक रहा है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में USA के लिए 1,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने हैं।
पारी
ऐसी रही मोनांक की पारी और साझेदारी
मोनांक सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरे थे। उन्होंने 30 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 173.33 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए शायन जहांगीर के साथ मिलकर 41 गेंदों में 68 रन की साझेदारी निभाई। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने 6 मुकाबले खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 26.16 की औसत से 157 रन बनाए हैं।
करियर
ऐसा रहा है मोनांक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
मोनांक ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2019 में UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 47 मुकाबले खेले हैं और इसकी 40 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 27.32 की औसत से 1,011 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 7 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन रहा है। मोनांक के बाद USA के लिए सबसे ज्यादा रन स्टीवन टेलर (822) ने बनाए हैं।