टी-20 विश्व कप 2026: मोहम्मद आमिर ने अभिषेक शर्मा पर फिर दिया बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम की संभावनाओं को लेकर फिर से विवादित बयान दिया है। आमिर ने इससे पहले अभिषेक को 'स्लॉगर' कहा था क्योंकि उनमें अच्छी गेंदबाजी के सामने रक्षात्मक तकनीक की कमी थी। उन्होंने भारत के सुपर-8 में पहुंचने के बावजूद सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचने की भी भविष्यवाणी की थी। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
आमिर ने क्या दिया बयान?
पाकिस्तानी टीवी शो 'हारना मना है' में आमिर ने कहा, "अभिषेक की आलोचना पूरी तरह से क्रिकेट संबंधी आकलन थी, न कि अनादर। अभिषेक के बारे में मैंने बस इतना कहा कि उसका सुरक्षात्मक खेल अच्छा नहीं है। जो खिलाड़ी गेंद को रोक नहीं सकता, उसे मैं और क्या कहूं?" इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अभिषेक को 'स्लॉगर' कहकर उनकी अच्छी गेंदबाजी के सामने टिककर बल्लेबाजी करने की क्षमता पर सवाल उठाया था।
भविष्यवाणी
आमिर ने भारतीय टीम के सफर को लेकर की भविष्यवाणी
आमिर ने इससे पहले कहा था कि भारत सुपर-8 में तो पहुंच गया है, लेकिन वह सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाएगा। उन्होंने अपनी भविष्यवाणी का समर्थन करते हुए कहा कि वर्तमान में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भारत से बेहतर क्रिकेट खेल रहे हैं। आमिर ने कहा, "भारत और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट खेलने के तरीके को देखते हुए मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीका बेहतर है। मैं बस इसी नजरिए से बात कर रहा था।"
प्रतिक्रिया
आमिर ने अपनी आलोचना पर भी दी प्रतिक्रिया
आमिर ने अपने बयान की आलोचना करने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटरों को भी जवाब दिया और उन पर पाखंड का आरोप लगाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैंने तो बस अपनी राय दी है। जब भी भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है, हमने हमेशा उसकी प्रशंसा की है। हर किसी को अपनी राय का सम्मान करना चाहिए। अलग-अलग विचार खेल का हिस्सा हैं और इनसे आक्रोश नहीं होना चाहिए।"
प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप में कैसा रहा है आमिर का प्रदर्शन?
अभिषेक का टी-20 विश्व कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। वह ग्रुप चरण के अपने तीनों मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं। अभिषेक के पिछले सात स्कोर क्रमश: 0(3), 0(4), 0(1), 30(16), 0(1), 68*(20) और 0(1) रहे हैं। क्रिकबज के अनुसार, अभिषेक अब पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक कैलेंडर वर्ष में संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों (5) के रिकॉर्ड की सूची में शामिल हैं।