टी-20 विश्व कप 2026: अफगानिस्तान ने UAE को हराकर दर्ज की पहली जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने UAE क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। यह उसकी इस विश्व कप में पहली ही जीत रही है। इसी तरह यह UAE की दूसरी हार है। UAE ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 160/9 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में अफगान टीम ने शुरुआती शुरुआत झटकों के बाद संभलते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
अफगानिस्तान ने इस तरह दर्ज की जीत
UAE क्रिकेट टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उसे 13 रन के कुल स्कोर तक 2 झटके लग गए थे। उसके बाद टीम ने अलीशान शराफू (40) और सोहेब खान (68) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 87 रन की साझेदारी की बदौलत स्कोर को 160 तक पहुंचाया। जवाब में अफगान टीम को भी शुरुआत झटके लगे, लेकिन बाद में इब्राहिम जादरान (53) और अजमतुल्लाह उमरजई (40*) ने 19.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर जीत दिला दी।
बल्लेबाजी
सोहेब ने जड़ा दूसरा अर्धशतक
UAE से सोहेब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशक रहा, जिसे उन्होंने 32 गेंदों में पूरा किया। वह 48 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए। उनके अब 5 मैचों में 28 की औसत और 144.32 की स्ट्राइक रेट से 140 रन हो गए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है।
गेंदबाजी
अजमतुल्लाह उमरजई ने चटकाए 4 विकेट
अफगानिस्तान से अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में महज 15 रन खर्च किए। उन्होंने आर्यांश शर्मा (0), सैयद हैदर (13), हर्षित कौशिक (0) और सोहेब खान (68) को अपना शिकार बनाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा 4 विकेट हॉल रहा है। उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 65 मैचों की 60 पारियों में 24.71 की औसत से 53 विकेट हो गए हैं।
उपलब्धि
अफगानिस्तान के लिए 50 विकेट पूरे करने वाले छठे गेंदबाज बने उमरजई
उमरजई ने अपना तीसरा विकेट लेते ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिए। वह यह कारनामा करने वाले अफगानिस्तान के केवल छठे गेंदबाज बने हैं। अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड कप्तान राशिद खान के नाम दर्ज, जिन्होंने 191 विकेट चटकाए हैं। इस सूची में मोहम्मद नबी (105) दूसरे, मुजीब उर रहमान (89) तीसरे, नवीन उल हक (67) चौथे और फजलहक फारूकी (66) 5वें नंबर पर हैं।
रिकॉर्ड
राशिद ने 700 टी-20 विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बने
मैच में अफगानी कप्तान राशिद ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। इसके साथ ही उनके टी-20 क्रिकेट में 700 विकेट पूरे हो गए। वह यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज हैं। इस मामले में उनके सबसे करीबी खिलाड़ी वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो (731) हैं। इस विकेट के साथ राशिद के 518 मैचों की 513 पारियों में 18.50 की औसत और 6.59 की इकॉनमी से 700 विकेट हो गए हैं।
अर्धशतक
जादरान ने UAE के खिलाफ जड़ा तीसरा अर्धशतक
अफगानिस्तान के लिए जादरान ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 15वां और UAE टीम के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 37 गेंदों में पूरा किया। यह उनके टी-20 विश्व कप का तीसरा अर्धशतक रहा है। वह 41 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के से 53 रन बनाकर आउट हुए। उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 64 मैचों में 31.60 की औसत से 1,770 रन हो गए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87* रन का है।