टी-20 विश्व कप 2026: मार्को यानसन ने दूसरी बार झटका 4 विकेट हॉल, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में रविवार को सुपर-8 चरण में खेले गए ग्रुप-1 के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मार्को यानसन ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा और भारत के खिलाफ पहला 4 विकेट हॉल रहा। उनकी गेंदबाजी के कारण ही प्रोटियाज टीम को 76 रनों से बड़ी जीत मिली। आइए यानसन की गेंदबाजी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही यानसन की गेंदबाजी?
यानसन ने 188 रन का लक्ष्य लेकर उतरी भारतीय टीम को 5 रन कुल स्कोर पर तिलक वर्मा (1) के रूप में दूसरा झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी जारी रखी और बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। इसके चलते उन्होंने अभिषेक शर्मा (15), शिवम दुबे (42) और जसप्रीत बुमराह (0) को भी अपना शिकार बनाते हुए पवेलियन की राह दिखाई। यानसन ने 3.5 ओवर में 22 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
करियर
कैसा रहा है यानसन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
यानसन ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2022 में भारतीय टीम के खिलाफ ही खेला था। उन्होंने अब तक 28 मैचों में 26.63 की औसत और 8.53 की इकॉनमी रेट से 33 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। उन्होंने अपने दोनों 4 विकेट हॉल इसी विश्व कप में लिए हैं। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था।