टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच दिखेगी टक्कर
क्या है खबर?
मौजूदा चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच टी-20 विश्व कप 2026 का बेहद अहम मुकाबला रविवार (1 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा है, क्योंकि जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। वहीं, हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि कोलकाता की पिच पर किन खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।
#1
अभिषेक शर्मा बनाम जेसन होल्डर
पहले 4 मुकाबलों में सिर्फ 15 रन बनाने के बाद अभिषेक शर्मा ने पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। आगामी मुकाबले में पावरप्ले के दौरान उनका सामना जेसन होल्डर से हो सकता है। इस साल टी-20 में पावरप्ले के दौरान होल्डर की इकॉनमी 9.38 की रही है, जिसमें उन्होंने 3 विकेट लिए हैं। वहीं, इस चरण में अभिषेक ने 187.03 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। ऐसे में एक जोरदार भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
#2
हार्दिक पांड्या बनाम गुडाकेश मोती
पिछले मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने जिम्बाब्वे के खिलाफ महज 23 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अपनी शानदार फॉर्म का संकेत दिया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 161.45 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है, ऐसे में वेस्टइंडीज के लिए उन्हें काबू में रखना आसान नहीं होगा। मध्य ओवरों में रन गति पर लगाम लगाने वाले स्पिनर गुडाकेश मोती की जिम्मेदारी अहम होगी। हालांकि, 2025 की शुरुआत से स्पिनरों के खिलाफ हार्दिक की टी-20 स्ट्राइक रेट 156.7 की रही है।
#3
शाई होप बनाम जसप्रीत बुमराह
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप इस अहम मुकाबले में बल्ले से बड़ा योगदान देने को पूरी तरह तैयार होंगे। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती नई गेंद से जसप्रीत बुमराह का सामना करना होगा। टी-20 विश्व कप 2026 में बुमराह ने 5 मैचों में 7 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 5.62 की रही है। वहीं, विश्व कप के मुकाबलों में पावरप्ले के दौरान होप की स्ट्राइक रेट 153.68 की रही है, जो इस टक्कर को और रोचक बनाती है।
#4
वरुण चक्रवर्ती बनाम शिमरोन हेटमायर
शिमरोन हेटमायर साल 2026 में कमाल की फॉर्म में हैं। वह इस साल 183.80 की धमाकेदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी औसत 45 से ज्यादा की रही है। ऐसे में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव उन्हें जल्दी आउट करने के लिए वरुण चक्रवर्ती को गेंदबाजी सौंप सकते हैं। टी-20 क्रिकेट में वरुण ने हेटमायर को 2 बार पवेलियन भेजा है। वरुण के खिलाफ हेटमायर की स्ट्राइक रेट सिर्फ 94.11 की रही है।