LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच दिखेगी टक्कर
भारतीय टीम एक और शानदार जीत दर्ज करना चाहेगी (फाइल तस्वरी)

टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच दिखेगी टक्कर

Mar 04, 2026
05:24 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है। पिछले 2 संस्करणों के सेमीफाइनल में दोनों टीमें आमने-सामने आ चुकी हैं और एक-एक बार जीत दर्ज कर चुकी हैं। ऐसे में यह भिड़ंत सिर्फ फाइनल का टिकट ही नहीं, बल्कि हिसाब बराबर करने की जंग भी है। मुकाबले में कई दिलचस्प खिलाड़ियों की टक्कर देखने को मिलेगी, जो मैच का रुख तय करेंगी।

#1

फिलिप सॉल्ट बनाम अर्शदीप सिंह 

पिछले मुकाबले में भले ही फिलिप सॉल्ट का बल्ला नही चला हो, लेकिन उन्हें कमतर आंकना भूल होगी। मुंबई की सपाट और बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर वह खतरनाक साबित हो सकते हैं। पारी की शुरुआत में उनका आक्रामक रुख किसी भी गेंदबाज पर भारी पड़ सकता है। वहीं, भारत चाहेगा कि अर्शदीप सिंह नई गेंद से विकेट झटकने की काबिलियत जारी रखें। आंकड़े बताते हैं कि उन्होंने टी-20 की 10 पारियों में सॉल्ट को 4 बार चलता किया है।

#2

अभिषेक शर्मा बनाम जोफ्रा आर्चर 

पिछले साल भारत में खेली गई 5 मैचों की टी-20 सीरीज में अभिषेक शर्मा और जोफ्रा आर्चर के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली थी। इस भिड़ंत में बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक पूरी तरह हावी रहे। आंकड़ों के अनुसार, अभिषेक ने आर्चर की 33 गेंदों पर 61 रन बनाए और एक बार भी आउट नहीं हुए। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 184.84 की रही। उन्होंने आर्चर के खिलाफ 4 छक्के और 7 चौके जड़े।

Advertisement

#3

जसप्रीत बुमराह बनाम जोस बटलर 

इस टूर्नामेंट में खराब फॉर्म के बावजूद जोस बटलर टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ऐसे में यह मुकाबला उनके लिए खोया हुआ आत्मविश्वास वापस पाने का बेहतरीन मौका होगा। दूसरी ओर शानदार लय में चल रहे जसप्रीत बुमराह ने टी-20 की 14 पारियों में बटलर को 4 बार आउट किया है। इस टक्कर में बटलर की स्ट्राइक रेट सिर्फ 89.77 की रही है।

Advertisement

#4

इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है कड़ी टक्कर 

अभिषेक पावरप्ले में ऑफ स्पिनरों के खिलाफ कई बार फंसते नजर आए हैं, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या इंग्लैंड इस कमजोरी का फायदा उठाने के लिए विल जैक्स को आजमाता है। हैरी ब्रूक अब तक खेले गए मुकाबलों में 5 बार स्पिन गेंदबाज का शिकार बने हैं। 2025 की सीरीज में वह तीन बार वरुण चक्रवर्ती के हाथों आउट हुए थे। वहीं, सैम कर्रन अपनी धीमी गेंदों से खतरनाक ईशान किशन को रोकने की कोशिश कर सकते हैं।

Advertisement