टी-20 विश्व कप 2026: पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मैच में हाथ नहीं मिलाएगी भारतीय टीम- रिपोर्ट
क्या है खबर?
इस समय भारत और श्रीलंका में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप 2026 में अब तक कई रोचक मुकाबले खेले जा चुके हैं। इसी क्रम में भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 15 फरवरी (रविवार) को बड़ा मुकाबला खेला जाना है। इस बीच खबर है कि भारतीय खिलाड़ी कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले अहम मुकाबले में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे।
रिपोर्ट
पिछले साल भी भारतीय खिलाड़ियों से नहीं मिलाया था हाथ
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कप्तान सूर्यकुमार यादव के टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से औपचारिक हाथ मिलाने की संभावना नहीं है। बता दें कि भारतीय टीम ने पिछले साल एशिया कप के दौरान भी 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। भारतीय टीम ने एशिया कप फाइनल को जीतने के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन और पाकिस्तान सरकार के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी।
बयान
सूर्यकुमार यादव की ऐसी रही थी प्रतिक्रिया
बीते शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के सवाल पर कहा था, "हाथ मिलाने की बात कल पर छोड़ दो। आज रात चैन से सोओ। 24 घंटे इंतजार कीजिए।" इससे पहले, पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भी इसी तरह की बात कही थी जब उनसे पूछा गया था कि अगर भारत हाथ मिलाता है तो क्या उनकी टीम जवाब देगी। उन्होंने कहा था, "हम कल देखेंगे।"
बयान
संजय मांजरेकर ने भारत के फैसले की आलोचना की थी
भारत के पूर्व बल्लेबाज और वर्तमान कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने 'हाथ न मिलाने' को लेकर के भारत की आलोचना की। मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "यह 'हाथ न मिलाना' एक बहुत ही बेवकूफी भरी बात है जो भारत ने शुरू की है। यह हमारे जैसे देश के लिए ठीक नहीं है। या तो खेल की भावना के साथ ठीक से खेलें या बिल्कुल न खेलें।"