टी-20 विश्व कप 2026: भारत ने अपने सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को हराया
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के 48वें मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 72 रन से हराते हुए सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ाया। एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मैच में मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए 256/4 का स्कोर बनाया, जिसमें अभिषेक शर्मा (55) और हार्दिक पांड्या (50*) के अर्धशतक शामिल रहे। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 184/6 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारत को संजू सैमसन (24) और अभिषेक (55) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद ईशान किशन (38) और सूर्यकुमार यादव (33) ने पारी को और मजबूती दी। अंत में पांड्या (50*) और तिलक वर्मा (44*) ने टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। जवाब में वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट (97*) ने संघर्षपूर्ण पारी खेली। उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिल सका। भारत से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लिए।
अभिषेक
अभिषेक ने टी-20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाया
अभिषेक ने पारी का तीसरा ओवर करने आए टिनोटेंडा मापोसा की जमकर खबर ली। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने उस ओवर में 2 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने क्रीज पर टिकने के बाद तेज गति से बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने संजू सैमसन (24) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 48 रन और ईशान किशन (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की।
हार्दिक
हार्दिक पांड्या ने लगाया अर्धशतक, बने प्लेयर ऑफ द मैच
भारत को पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन के कुल स्कोर पर अभिषेक शर्मा (55) के रूप में तीसरा झटका लगा था। इसके बाद बल्लेबाजी पर आए हार्दिक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (33) के साथ चौथे विकेट के लिए 20 रन और तिलक वर्मा (44) के साथ 5वें विकेट के लिए 31 गेंदों में 84 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 23 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के जड़े।
भारत
भारत ने टी-20 विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया
भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप इतिहास में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। इससे पहले टी-20 विश्व कप में भारत का पिछला सबसे बड़ा स्कोर 218/4 रन था, जो 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में बना था। भारत ने टी-20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया। बता दें कि इस टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड श्रीलंका (260/6 बनाम केन्या, 2007) के नाम पर दर्ज है।
छक्के
भारत ने पारी में लगाए कुल 17 छक्के
भारतीय टीम की पारी में कुल 17 छक्के लगे, जिसमें तिलक, हार्दिक और अभिषेक ने सर्वाधिक 4-4 छक्के लगाए। बता दें कि टी-20 विश्व कप में एक पारी में भारत से ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज और नीदरलैंड के नाम पर दर्ज है। नीदरलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 2014 में 19 छक्के लगाए थे। वहीं वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध 2026 में 19 ही छक्के जड़े थे।
ब्रायन बेनेट
ब्रायन बेनेट ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
बेनेट ने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 24 रन बनाए। उन्होंने क्रीज पर टिक जाने के बाद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट में उनके बल्ले से निकलने वाली तीसरी 50+ रन की पारी रही। वह 59 गेंदों में 8 चौकों और 6 छक्के की बदौलत 97 रन बनाकर नाबाद रहे। इस बीच उन्होंने रजा के साथ मिलकर 72 रन की उपयोगी साझेदारी भी की।
रजा
सिकंदर रजा ने हासिल की ये उपलब्धि
जिम्बाब्वे के कप्तान रजा ने 21 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। इस बीच उन्होंने अपने 3,000 रन पूरे किए। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्लेबाजी में 3,000+ रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में 100+ विकेट लेने वाले विश्व के सिर्फ दूसरे ऑलराउंडर बने। उनसे पहले मलेशिया के ऑलराउंडर वीरनदीप सिंह ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
जानकारी
सेमीफाइनल के लिए वेस्टइंडीज से निर्णायक मैच खेलेगा भारत
यह सुपर-8 चरण में भारत की पहली जीत है। अब भारत को अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ना है। इस मैच को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी।