टी-20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, अर्शदीप-सुंदर की वापसी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप 2026 में अपने आखिरी ग्रुप स्टेज के मैच के लिए नीदरलैंड क्रिकेट टीम से भिड़ने के लिए तैयार है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। ग्रुप-A में मौजूद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने अपने शुरुआती 3 मैच जीते हैं और इस मैच को जीतकर मेजबान टीम अपना विजयी अभियान जारी रखना चाहेगी।
बयान
भारतीय टीम में हुए 2 बदलाव
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने टॉस के दौरान भारतीय टीम में 2 बदलाव की पुष्टि की। पिछले मैच में खेलने वाले कुलदीप यादव और अक्षर पटेल नीदरलैंड के खिलाफ मैच में नहीं खेल रहे हैं। सूर्यकुमार ने कहा, "कुलदीप की जगह अर्शदीप आए हैं, जबकि अक्षर आराम कर रहे हैं और उनके स्थान पर वाशिंगटन आए हैं।" बता दें कि सुंदर चोट के बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं।
टीम
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
नीदरलैंड की प्लेइंग इलेवन: माइकल लेविट, मैक्स ओडॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), ज़क लायन-कैशेट, वैन डेर मर्व, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, और नोआ क्रोस। भारत की प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, और अर्शदीप सिंह
हेड-टू-हेड
नीदरलैंड के खिलाफ भारत ने जीता है एकमात्र मैच
टी-20 प्रारूप में अब तक दोनों टीमों के बीच केवल एक मैच खेला गया है, जिसमें भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला टी-20 विश्व कप 2022 में सिडनी में खेला गया था। उसमें भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 179/2 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में नीदरलैंड टीम 9 विकेट के नुकसान पर 123 रन ही बना सकी थी। ऐसे में नीदरलैंड इस बार उस हार का हिसाब चुकता करने का प्रयास करेगी।
पिच
कैसा रहता है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच का मिजाज?
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। विश्व कप को देखते हुए यहां रनों से भरी हुई पिच पर मैच हो सकता है।