टी-20 विश्व कप 2026: नामीबिया ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, सैमसन-बुमराह की वापसी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 18वें मैच के लिए भारतीय क्रिकेट टीम और नामीबिया क्रिकेट टीम आमने-सामने हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अभिषेक शर्मा इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम अपने पहले मैच को जीत चुकी है, जबकि नामीबिया को अपने पहले मुकाबले में हार मिली थी। आइए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन पर एक नजर डालते हैं।
अभिषेक
क्यों अभिषेक शर्मा नहीं हैं टीम का हिस्सा?
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक अब भी अस्वस्थ चल रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनको लेकर अपडेट दिया है। BCCI ने कहा, 'अभिषेक अभी भी अपनी बीमारी से उबर रहे हैं और चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। BCCI की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर करीब से नजर रख रही है।' वहीं, पिछले मैच में खेलने वाले मोहम्मद सिराज को भी प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है।
टीमें
भारतीय टीम में संजू सैमसन की हुई वापसी
भारतीय टीम: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दूबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, और वरुण चक्रवर्ती। नामीबिया की टीम: लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो, और मैक्स हेइंगो।
जानकारी
सिर्फ 1 मैच में आमने-सामने हुई है दोनों टीमें
भारत और नामीबिया के बीच सिर्फ 1 टी-20 मैच 2021 में खेला गया था। उस मैच में भारत को 9 विकेट से जीत मिली थी। नामीबिया ने 132/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारत ने केवल 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
पिच रिपोर्ट
ऐसी रहेगी अरुण जेटली स्टेडियम की पिच
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। तेज गेंदबाजों को यहां ज्यादा मदद नहीं मिलती। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से मदद मिलती है और उनका रिकॉर्ड भी यहां अच्छा रहता है। इस स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो काफी कठोर और सपाट है।