टी-20 विश्व कप 2026: एमए चिदंबरम स्टेडियम में कैसा रहा है भारतीय टीम का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम सुपर-8 चरण का अपना अगला मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम के लिए करो या मरो का होगा, क्योंकि उसे पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में भारत की नजरें जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराने पर होंगी। आइए स्टेडियम में भारतीय टीम के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
आंकड़े
एमए चिदंबरम स्टेडियम में ऐसे रहे हैं भारतीय टीम के आंकड़े
एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय टीम ने अपना पहला मुकाबला साल 2012 में खेला था। अब तक भारत ने इस मैदान पर कुल 3 मैच खेले हैं, जिनमें उसे 2 में जीत और 1 में हार का सामना करना पड़ा है। यहां भारतीय टीम ने आखिरी मुकाबला साल 2025 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था, जिसमें उसे 2 विकेट से जीत मिली थी। उस मैच में भारत ने 166 रनों का लक्ष्य 19.2 ओवर में हासिल किया था।
वापसी
जानिए इस मैदान पर क्यों तिलक वर्मा खोया हुआ फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं
टी-20 विश्व कप में तिलक वर्मा का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। उन्होंने 5 पारियों में 25, 25, 25, 31 और 1 रन बनाए हैं, जबकि स्ट्राइक रेट भी प्रभावी नहीं रहा है। हालांकि, इस मैदान पर तिलक के पास फॉर्म में लौटने का सुनहरा मौका होगा। इंग्लैंड के खिलाफ यहां खेले गए आखिरी मुकाबले में उन्होंने 55 गेंदों में 72 रन* की मैच जिताऊ पारी खेली थी और टीम को 78/5 की मुश्किल स्थिति से जीत दिलाई थी।
सक्रिय
भारतीय टीम के सक्रिय गेंदबाजों का इस मैदान पर ऐसा रहा है प्रदर्शन
भारत के सक्रिय गेंदबाजों में अक्षर पटेल ने इस मैदान पर 1 मुकाबला खेलते हुए 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए हैं। वरुण चक्रवर्ती ने भी यहां 1 मैच में 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए हैं। वाशिंगटन सुंदर ने 2 मुकाबलों में 2 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह के नाम यहां 1-1 विकेट दर्ज है और दोनों ने 1-1 मैच खेला है।
इतिहास
एमए चिदंबरम स्टेडियम का ऐसा रहा है इतिहास
एमए चिदंबरम की स्थापना साल 1916 में हुई थी। यहां लगभग 38,000 दर्शक एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं। साल 2008 से यह मैदान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का घरेलू मैदान रहा है। इस स्टेडियम ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच साल 1934 में आयोजित किया था। सईद अनवर ने इसी मैदान पर 194 रन की पारी खेली थी। सुनील गावस्कर ने डॉन ब्रेडमैन के 29 शतकों का रिकॉर्ड यहीं तोड़ा था।