LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: क्या आयरलैंड के खिलाफ 6 साल बाद जीत दर्ज कर पाएगी ओमान?
आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी ओमान क्रिकेट टीम

टी-20 विश्व कप 2026: क्या आयरलैंड के खिलाफ 6 साल बाद जीत दर्ज कर पाएगी ओमान?

Feb 13, 2026
11:51 am

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 22वें मुकाबले में शनिवार (14 फरवरी) को आयरलैंड क्रिकेट टीम का सामना ओमान क्रिकेट टीम से होगा। इसमें दोनों ही टीमें पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। ओमान की नजर आयरलैंड के खिलाफ 6 साल बाद पहली जीत दर्ज करने पर होगी। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उसने आखिरी बार आयरलैंड को 2019 में हराया था, जब उसे 43 रनों से जीत मिली थी। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

ओमान के खिलाफ भारी रहा है आयरलैंड का पलड़ा

आयरलैंड और ओमान के बीच 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं। 4 मुकाबले आयरिश टीम और 2 ओमान ने जीते हैं। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला 2022 में खेला गया था। उस मुकाबले में आयरलैंड ने 56 रनों से जीत दर्ज की थी। दोनों के बीच ओमान में 4 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 3 में आयरलैंड और 1 में ओमान को जीत मिली है। तटस्थ स्थान पर हुए 2 मुकाबलों में दोनों ने 1-1 मैच जीता है।

प्लेइंग इलेवन

ऐसी हो सकती है आयरलैंड की प्लेइंग इलेवन

आयरलैंड को अपने दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 67 रन से हार झेलनी पड़ी थी। जीत के लिए 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरिश टीम 115 रन पर ही सिमट गई थी। ऐसे में आयरलैंड की टीम अपने बल्लेबाजों से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। आयरलैंड की संभावित एकादश: रॉस एडेयर, हैरी टेक्टर, सैम टॉपिंग, लोरकन टकर (कप्तान और विकेट कीपर), कर्टिस कैम्फर, बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क एडेयर, बैरी मैकार्थी और मैथ्यू हम्फ्रीज।

Advertisement

संयोजन

इस संयोजन के साथ उतर सकती है ओमान की टीम

ओमान की बल्लेबाजी दोनों मैचों में कमजोर रही है। श्रीलंका के खिलाफ 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम सिर्फ 120/9 का स्कोर बना पाई थी। ऐसे में टीम के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों को आयरलैंड के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा। अनुभवी जतिंदर सिंह से एक कप्तानी पारी की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफयान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद।

Advertisement

पिच

कैसी रहती है सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की पिच?

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड की पिच में पिछले कुछ वर्षों में काफी बदलाव आया है। ऐसे में दोनों टीमों को अपनी अंतिम एकादश तय करने से पहले पिच की स्थिति का अच्छी तरह आकलन करना होगा। इस पिच पर स्पिनरों की अहम भूमिका रहने की संभावना है। अब तक हुए मैचों में स्पिनर काफी प्रभावी दिखे हैं। यहां पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 150+ रन के स्कोर पर भी रोमांचक मैच होने की उम्मीद है।

जानकारी

क्या मैच में बारिश डालेगी खलल? 

एक्यूवेदर के अनुसार, 14 फरवरी को कोलंबो में बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की 90 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच में बारिश का खलल पड़ सकता है।

नजरें

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

हैरी टेक्टर ने पिछले 10 मैचों में 37.38 की औसत और 130 की स्ट्राइक रेट से 299 रन बनाए हैं। उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। मार्क एडायर ने आयरलैंड की ओर से 19.54 की औसत से 142 विकेट लिए हैं। ओमान से विनायक ने पिछले 9 मैचों में 201 रन अपने नाम किए हैं। इसी तरह जतिन रामानंदी 7 मैचों में 13 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। ऐसे में दोनों टीमों को इनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

आयरलैंड और ओमान के बीच यह मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement