टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम USA मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार (7 फरवरी) को भारतीय क्रिकेट टीम और USA क्रिकेट टीम के बीच मुंबई में खेला जाएगा। यह ग्रुप-A का दूसरा मुकाबला होगा। इसमें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम जीत दर्ज कर अभियान का विजयी आगाज करने का प्रयास करेगी। वहीं, मोनांक पटेल की कप्तानी वाली USA क्रिकेट टीम बेहतर प्रदर्शन के साथ भारत को चौंकाना चाहेगी। आइए इस मुकाबले के प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
एकमात्र मुकाबले में भारत ने दर्ज की है जीत
टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों के बीच अब तक केवल एक ही मुकाबला खेला गया है और उसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। यह मुकाबला टी-20 विश्व कप 2024 में खेला गया था। ऐसे में भारतीय टीम इस बार भी अपनी जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहेगी। इसी तरह USA टीम भी भारतीय टीम को चौंकाने का प्रयास करेगी। ऐसे में रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा फिर से भारत को विस्फोटक शुरुआत देना चाहेंगे। संजू सैमसन की खराब फॉर्म के चलते उनकी जगह ईशान किशन को बतौर सलामी बल्लेबाज उतारा जा सकता है। मध्य क्रम में तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। अर्शदीप सिंह गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर सकते हैं। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।
संयोजन
ये हो सकती है USA की संभावित एकादश
USA टीम में कप्तान मोनांक और एंड्रीज गौस बतौर सलामी बल्लेबाज टीम को मजबूत शुरुआत देना चाहेंगे। इसी प्रकार सैतेजा मुक्कामल्ला और शयान जहांगीर पर मध्य क्रम को संभालने की जिम्मेदारी होगी। इसी तरह टीम की गेंदबाजी सौरभ नेत्रवलकर, हरमीत सिंह और शुभम रंजने के अनुभव पर काफी हद तक निर्भर करेगी। USA की संभावित एकादश: मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कामल्ला, शयान जहांगीर, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, अली खान, नोस्थुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर।
पिच
कैसा रहता है वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज?
वानखेड़े स्टेडियम अपनी बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच के लिए जाना जाता है, जो इसे उच्च स्कोर वाले मैचों के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है। हालांकि, लाल मिट्टी होने के कारण यहां स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिलेगी, लेकिन अनुशासित तेज गेंदबाज फिर भी कुछ हद तक सफल हो सकते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का स्कोर अक्सर 175-190 रनों के बीच रहता है, क्योंकि तेज आउटफील्ड बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है।
जानकारी
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 7 फरवरी को मुंबई में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 20 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिलेगा।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
अभिषेक ने पिछले 10 मैचों में 212.41 की स्ट्राइक रेट से 308 रन बनाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार ने 10 मैचों में 276 रन अपने नाम किए हैं। USA से मुक्कामल्ला ने पिछले 10 मैचों में 376 रन बनाए हैं। पटेल 10 मैचों 367 रन बनाने में सफल रहे हैं। वरुण चक्रवर्ती ने 7 मैचों में 14 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार मिलिंद कुमार 6 मैचों में 6 विकेट चटका चुके हैं। इन सभी के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
भारत और USA के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेडे़ क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।