LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: फिन एलन और टिम साइफर्ट ने लगाए अर्धशतक, रिकॉर्ड साझेदारी दर्ज की
फिन एलन और टिम साइफर्ट ने लगाए अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

टी-20 विश्व कप 2026: फिन एलन और टिम साइफर्ट ने लगाए अर्धशतक, रिकॉर्ड साझेदारी दर्ज की

Feb 10, 2026
06:29 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 11वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ 10 विकेट से जोरदार जीत दर्ज की। जीत के लिए मिले 174 रन के लक्ष्य को कीवी टीम ने सिर्फ 15.2 ओवर में हासिल किया। न्यूजीलैंड की इस जीत में फिन एलन (84*) और टिम साइफर्ट (89*) की अहम भूमिका रही। इन दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए और टी-20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी स्थापित की।

साइफर्ट

साइफर्ट ने खेली ताबड़तोड़ पारी 

साइफर्ट ने पारी के छठे ओवर में मुहम्मद रोहिद खान की जमकर खबर ली। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पावरप्ले के आखिरी ओवर के दौरान 4 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह टी-20 विश्व कप इतिहास में न्यूजीलैंड से सबसे तेज अर्धशतक (संयुक्त रूप से) लगाने वाले बल्लेबाज बने। वह 42 गेंदों में 12 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर नाबाद रहे।

एलन 

एलन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना 7वां अर्धशतक पूरा किया 

न्यूजीलैंड से पारी की शुरुआत करने आए एलन ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने पारी का चौथा ओवर करने आए जुनैद सिद्दीकी के खिलाफ 2 छक्के लगाते हुए अच्छी लय के संकेत दिए। उन्होंने अपने अर्धशतक को पूरा करने के लिए 27 गेंदों का सहारा लिया। एलन ने 50 गेंदों में 5 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी खेली।

Advertisement

साझेदारी 

एलन-साइफर्ट ने की रिकॉर्ड साझेदारी

एलन और साइफर्ट ने मिलकर पहले विकेट के लिए 92 गेंदों में 175 रन की अटूट साझेदारी की। यह अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले इंग्लैंड के जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने टी-20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में भारत के विरुद्ध 170 रन जोड़े थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर क्विंटन डिकॉक-राइली रूसो (168 बनाम बांग्लादेश, 2022) की जोड़ी है।

Advertisement

छक्के 

एलन और साइफर्ट ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 100-100 छक्के पूरे किए 

इस मैच जिताऊ पारियों के दौरान एलन और साइफर्ट ने अपने-अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 100 छक्के पूरे किए। साइफर्ट के अब 83 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 100 छक्कों की मदद से 2,107 रन हो गए हैं। एलन के नाम अब 55 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्कों की बदौलत 1,450 रन हैं। इन दोनों बल्लेबाजों से पहले न्यूजीलैंड की ओर से मार्टिन गुप्टिल (173), कोलिन मुनरो (107) और ग्लेन फिलिप्स (101) ने 100+ छक्के लगाए हैं।

Advertisement