भारतीय क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, टी-20 विश्व कप फाइनल का रिकॉर्ड स्कोर बनाया
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 255/5 का स्कोर बनाया। यह इस टूर्नामेंट के फाइनल में सर्वोच्च स्कोर है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम से संजू सैमसन ने 89 रन की जोरदार पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) ने अर्धशतक लगाए। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम सबसे सफल गेंदबाज (3/46) रहे।
पावरप्ले
भारत ने पावरप्ले का सर्वोच्च स्कोर
अभिषेक और सैमसन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले (पहले 6 ओवर) में बिना किसी नुकसान के 92 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। यह टी-20 विश्व कप इतिहास में किसी टीम द्वारा बनाया गया पावरप्ले का सर्वोच्च स्कोर बन गया। 2024 में वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान के खिलाफ 92/1 का स्कोर खड़ा किया था। इस सूची में नीदरलैंड क्रिकेट टीम तीसरे नंबर पर है, जिसने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ पावरप्ले में 91/1 का स्कोर बनाया था।
अभिषेक
अभिषेक ने टी-20 विश्व कप 2026 में लगाया अपना दूसरा अर्धशतक
इस टी-20 विश्व कप की शुरुआत से पहले अभिषेक के प्रदर्शन पर सबकी नजरें थी। हालांकि, शुरुआती 7 पारियों में उन्होंने 12.71 की खराब औसत और 130.88 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 89 रन बनाए थे। फाइनल से पहले उनके स्कोर क्रमशः 0, 0, 0, 15, 55, 10 और 9 रन रहे थे। आखिर में खिताबी मुकाबले में उन्होंने जोरदार पारी खेली। वह फाइनल में 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 3 छक्के शामिल रहे।
सैमसन
शतक से चूके संजू सैमसन, किशन ने भी लगाया अर्धशतक
शानदार फॉर्म में चल रहे सैमसन ने लगातार तीसरी पारी में अर्धशतक लगाया। वह 46 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 105 रन की उपयोगी साझेदारी निभाई। किशन 25 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए। हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर आउट हुए।
गेंदबाजी
जिमी नीशम ने एक ओवर में ही चटकाए 3 विकेट
एक तरफ न्यूजीलैंड के प्रमुख गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए, तो दूसरी तरफ जिमी नीशम ने एक ओवर में ही 3 विकेट चटका दिए। दाएं हाथ के इस मध्यम गति के तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर में सैमसन, किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को पवेलियन भेज दिया। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना विकेट लिए 33 रन दिए। मैट हेनरी ने 49 रन देते हुए 1 विकेट लिया।
जानकारी
शिवम दुबे ने खेली उपयोगी पारी
आखिरी ओवरों के दौरान बल्लेबाजी के लिए आए दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन का उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए।
भारत
भारत ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
टी-20 विश्व कप में यह पहला ऐसा मौका रहा, जब एक टीम के शुरुआती 3 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। भारत ने टी-20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया। बता दें कि इस टूर्नामेंट में सर्वोच्च स्कोर का लक्ष्य श्रीलंका (260/6 बनाम केन्या, 2007) ने बनाया है, जबकि दूसरा सर्वोच्च स्कोर भारत (256/4 बनाम जिम्बाब्वे, 2026) ने ही बनाया है। भारतीय टीम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक 7वीं बार 250+ का स्कोर बनाया।