टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 15वें मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सामना वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से 11 फरवरी को होना है। वेस्टइंडीज ने अपने पहले मैच में स्कॉटलैंड को हराया था, जबकि इंग्लिश टीम ने अपने पिछले मुकाबले में नेपाल को शिकस्त दी थी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है, जहां दोनों टीमें अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी अहम बातों को जानते हैं।
हेड-टू-हेड
लगभग बराबरी का रहा है मुकाबला
हाउस्टेट के मुताबिक, अब तक दोनों टीमें कुल 38 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में आमने-सामने हुई है, जिसमें से 19 मैचों में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है और 18 मुकाबले वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं। इस बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें 2025 में आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज में आमने-सामने थी, जिसे इंग्लिश टीम ने 3-0 से अपने नाम किया था।
इंग्लैंड
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित की
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव किया है। ल्यूक वुड की जगह जेमी ओवरटन को टीम में शामिल किया गया है। इस बदलाव से इंग्लैंड का बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिली है। ओवरटन निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी कर लेते हैं। इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम कर्रन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, और आदिल राशिद।
वेस्टइंडीज
इस संयोजन के साथ उतर सकती है वेस्टइंडीज की टीम
वेस्टइंडीज ने अपने पिछले मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ 182/5 का स्कोर बनाया था और मुकाबले को जीता था। कप्तान शाई होप को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया था। होप के ऊपर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। वह ब्रैंडन किंग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। संभावित एकादश: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसेन, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, और शमर जोसेफ।
जानकारी
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 11 फरवरी को मुंबई में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 21 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच बिना किसी खलल के होने की संभावना है।
पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। दूसरी ओर एक गेंदबाज के दृष्टिकोण से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह नई गेंद से जल्दी विकेट लेना चाहेंगे।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।