LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया, सेमीफाइनल की दौड़ हुई रोचक
बेहद रोमांचक रहा मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया, सेमीफाइनल की दौड़ हुई रोचक

Feb 27, 2026
10:41 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 49वें मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 4 विकेट से हराते हुए सुपर-8 में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। प्रेमदासा स्टेडियम में हुए मैच में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159/7 का स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। यह सुपर-8 में न्यूजीलैंड की पहली हार साबित हुई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से रोचक रहा मुकाबला 

न्यूजीलैंड से साइफर्ट (35) और फिन एलन (29) ने 64 रन की साझेदारी की। इसके बाद इंग्लैंड के स्पिनरों ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को नियमित अंतराल पर आउट किए। इंग्लिश गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने ग्लेन फिलिप्स (39) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में फिल सॉल्ट (2) और जोस बटलर (0) के जल्दी आउट होने के बाद बैंटन (33) और कर्रन (24) ने संघर्ष किया। अंत में रेहान (19*) और जैक्स (32*) ने जीत दिलाई।

आर्चर 

आर्चर ने पहला ओवर किया मेडन 

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने साइफर्ट के खिलाफ पारी का पहला ओवर मेडन किया। वह मौजूदा संस्करण में पारी का पहला ओवर मेडन करने वाले तीसरे गेंदबाज बने। इससे पहले भारत के हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी ने श्रीलंका के विरुद्ध पहला ओवर मेडन किया था। आर्चर ने मैच में अपने 3 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 24 रन दिए।

Advertisement

बटलर 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 10वीं बार शून्य पर आउट हुए बटलर 

जोस बटलर सिर्फ 2 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हुए। उनकी पारी का अंत लॉकी फर्ग्यूसन ने किया। यह बटलर के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 10वां शून्य का स्कोर साबित हुआ। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इस समय बेहद खराब फॉर्म में चल रहे हैं। टी-20 विश्व कप 2026 में बटलर ने 8.85 की औसत से कुल 62 रन बनाए हैं। उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया है।

Advertisement

रविंद्र 

रचिन रविंद्र ने लिए 3 विकेट 

न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रविंद्र सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 4.80 की इकॉनमी रेट के साथ 19 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उन्होंने जेकब बेथेल, टॉम बेंटन और सैम कर्रन के विकेट लिए। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने टी-20 विश्व कप 2026 में अब तक 7 पारियों में 9.77 की औसत और 6.76 की इकॉनमी रेट के साथ 9 विकेट लिए हैं।

साझेदारी 

रेहान और जैक्स ने दिलाई जीत 

जीत के लिए मिले 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने अपना छठा विकेट 117 के स्कोर पर 16.5 ओवर में खोया। मुश्किल घड़ी में जैक्स ने 18 गेंदों में 4 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, रेहान ने सिर्फ 7 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्के की बदौलत 19 रन बनाए। इस जोड़ी ने मिलकर 18वें ओवर में 22 रन जोड़े।

सेमीफाइनल 

सेमीफाइनल की दौड़ हुई रोचक 

सुपर-8 ग्रुप-2 से इंग्लैंड अपने तीनों मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। इस ग्रुप से न्यूजीलैंड ने एक मैच जीता है और एक हारा है। इसके अलावा एक मैच उनका बारिश की भेंट चढ़ा है। अब भी न्यूजीलैंड दूसरे पायदान पर है। अगर पाकिस्तानी टीम अपने आखिरी सुपर-8 मैच में श्रीलंका के खिलाफ हार जाती है तो न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। वहीं पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बहुत बड़ी जीत हासिल करनी होगी।

जानकारी

पाकिस्तान को करना होगा अविश्वसनीय प्रदर्शन 

क्रिकइंफो के मुताबिक, पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को कम से कम 64 रन के अंतर से हराना होगा। या फिर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए 13.1 ओवर तक लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करना होगा।

Advertisement