टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को हराकर यूरोपीय देश पर दर्ज की पहली जीत
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 23वें मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। ये इस टूर्नामेंट में उनकी दूसरी जीत रही। टीम को सिर्फ वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, स्कॉटलैंड अपना दूसरा मुकाबला हारी है। उसे सिर्फ इटली क्रिकेट टीम के खिलाफ जीत मिली है। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। स्कॉटलैंड के लिए रिची बेरिंगटन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए और टीम 152 रन बनाने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन के खाते में 2-2 विकेट आए। जवाब में इंग्लैंड के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, लेकिन टॉम बैंटन (63) ने शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। इंग्लैंड ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
जीत
टी-20 विश्व कप में यूरोपीय देश पर इंग्लैंड की पहली जीत
टी-20 विश्व कप में यूरोपीय टीमों के खिलाफ इंग्लैंड का रिकॉर्ड उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2009 में नीदरलैंड से 4 विकेट से हार मिली। 2010 में आयरलैंड के खिलाफ मैच बेनतीजा रहा। 2014 में चटगांव में फिर नीदरलैंड ने 45 रन से हराया। 2022 में मेलबर्न में आयरलैंड से 5 रन से हारे। 2024 में ब्रिजटाउन में स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच रद्द हुआ, लेकिन 2026 में कोलकाता में इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
गेंदबाजी
राशिद की गेंदबाजी और उनके आंकड़ों पर एक नजर
राशिद ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 9 की रही। इस विश्व कप में राशिद ने अब तक 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 18.80 की औसत से 5 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.54 की रही है। इस खिलाड़ी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 23.43 की औसत से 155 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/2 का रहा है।
बल्लेबाजी
ऐसी रही बेरिंगटन की पारी
बेरिंगटन ने 32 गेंदों का सामना किया और 49 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 153.12 की रही। वह अपने अर्धशतक से सिर्फ 1 रन दूर थे, तभी राशिद ने उन्हें आउट कर पवेलियन भेज दिया। इस खिलाड़ी ने अब तक 105 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और इसकी 96 पारियों में 31.29 की औसत और 131.66 की स्ट्राइक रेट से 2,441 रन बनाने में सफल रहे हैं।
रिकॉर्ड
जोस बटलर ने पूरे किए 4,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
स्कॉटलैंड के खिलाफ अपनी पारी का तीसरा रन बनाते ही जोस बटलर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अपने 4,000 रन पूरे कर लिए। वह इंग्लैंड के लिए ये कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। दुनिया में उनके अलावा सिर्फ 3 और बल्लेबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की है। बटलर मैच में सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इस विश्व कप में अब तक वह एक भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं।
दिग्गजों
इन दिग्गजों की सूची में शामिल हुए बटलर
बटलर ने अब तक 150 मुकाबले खेले हैं और 34.78 की औसत से 4,000 रन बनाए हैं। उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली (4,188), रोहित शर्मा (4,231) और बाबर आजम (4,556) हैं। उनके बाद इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ने बनाए हैं। मोर्गन के बल्ले से 115 मैच की 107 पारियों में 28.58 की औसत से 2,458 रन निकले थे। उन्होंने 14 अर्धशतक भी जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन रहा था।
प्लेयर ऑफ द मैच
बैंटन की मैच जिताऊ पारी पर एक नजर
बैंटन ने मैच में 41 गेंदों का सामना किया और 63 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 153.66 की रही। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। ये बैंटन के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 30 मुकाबले खेले हैं और इसकी 27 पारियों में 27.63 की औसत से 608 रन बनाए हैं। टी-20 विश्व कप में यह बैंटन का पहला अर्धशतक रहा।
अंक तालिका
दूसरे स्थान पर पहुंची इंग्लैंड
ग्रुप-C में मौजूद इंग्लैंड टीम की यह दूसरी जीत है। हैरी ब्रूक की अगुआई वाली टीम इस ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ स्कॉटलैंड की यह दूसरी हार है। इस शिकस्त के साथ ही स्कॉटलैंड की टीम तालिका में तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। वेस्टइंडीज की टीम ने अपने शुरुआती 2 मैच जीते हैं। शाई होप की कप्तानी वाली टीम तालिका में पहले स्थान पर है।