टी-20 विश्व कप 2026: दासुन शनाका ने खेली अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 50वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 5 रन से हराया। हालांकि, इसके बाद भी पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाई। मैच में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने शानदार अर्धशतकीय पारी (76*) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 8वां और पाकिस्तान टीम के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 24 गेंदों में पूरा किया। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।
बल्लेबाजी
कैसी रही शनाका की पारी और साझेदारी?
श्रीलंका को 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 101 रन के स्कोर पर 5वां झटका लगा था। उसके बाद आए शनाका ने पवन रत्नायके (58) के साथ छठे विकेट के लिए 33 गेंदों में 61 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने दुनिथ वेल्लालगे (2) के साथ 7वें विकेट के लिए 15 गेंदों में 45 रन जोड़ते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 31 गेंदों में 2 चौके और 8 छक्कों से 76 रन बनाकर नाबाद रहे।
करियर
कैसा रहा है शनाका का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
शनाका ने साल 2015 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 131 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 118 पारियों में वह 20.55 की औसत और 128.40 की स्ट्राइक रेट से 1,912 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। वह अब तक 129 चौके और 106 छक्के भी जड़ चुके हैं।
परिणाम
पाकिस्तान ने इस तरह दर्ज की जीत
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान (100) के शतक और फखर जमान (84) के अर्धशतक की बदौलत 212/8 का स्कोर खड़ा किया था। श्रीलंका से दिलशान मदुशंका ने 33 रन तक अपने 3 विकेट लिए। जवाब में पथुम निसांका (3) के जल्दी आउट होने के बाद चरिथ असलंका (25) और कामिल मिशारा (26) ने पारी को संभाला। इसके बाद पवन रथनायके (58) और दासुन शनाका (76*) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम 207/6 का ही स्कोर बना पाई।