टी-20 विश्व कप 2026: क्या अफगानिस्तान के खिलाफ 3 साल बाद जीत दर्ज कर पाएगी UAE?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का सामना UAE क्रिकेट टीम से होगा। ये ग्रुप-D का मुकाबला होगा। UAE ने इस प्रारूप में आखिरी बार अफगानिस्तान को साल 2023 में हराया था। अफगानिस्तान टूर्नामेंट में अपने दोनों मैच हार चुकी है। वहीं, UAE को एक मैच में जीत और एक में हार मिली है। सुपर-8 के लिहाज से ये मुकाबला काफी अहम है। ऐसे में आइए मैच की सभी जरूरी बातें जान लेते हैं।
हेड-टू-हेड
UAE के खिलाफ अफगानिस्तान का पलड़ा रहा है भारी
दोनों टीमों के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2015 में खेला गया था। अब तक खेले गए 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अफगानिस्तान का पलड़ा भारी रहा है। इस दौरान उसने 11 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि UAE को 3 मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी तीन मुकाबलों में भी अफगानिस्तान ने जीत दर्ज की है। इस दौरान सर्वोच्च स्कोर 203 रन रहा है, जबकि न्यूनतम स्कोर 155 रन दर्ज किया गया है।
एकादश
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है अफगानिस्तान
अफगानिस्तान को अपने पिछले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था। राशिद खान के नेतृत्व वाली ये टीम उस हार को भूलाना चाहेगी। शानदार फॉर्म में चल रहे रहमानुल्लाह गुरबाज से एक और शानदार पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में राशिद बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नैब, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है UAE की टीम
UAE को पिछले मैच में कनाडा के खिलाफ शानदार जीत मिली थी। सोहैब खान ने सिर्फ 29 गेंदों में 51 रन जड़ दिए थे। ऐसे में वह एक और बेजोड़ पारी खेलना चाहेंगे। 74 रन बनाने वाले आर्यांश से भी अच्छी पारी की उम्मीद होगी। जुनैद सिद्दीकी गेंदबाजी में बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: आर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, मयंक कुमार, सोहैब खान, हर्षित कौशिक, मोहम्मद अरफान, मोहम्मद फारूक, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी और मोहम्मद जवादुल्लाह।
पिच
ऐसी रहेगी अरुण जेटली स्टेडियम की पिच
ये मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। वहां की पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। तेज गेंदबाजों को यहां ज्यादा मदद नहीं मिलती। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से मदद मिलती है और उनका रिकॉर्ड भी यहां अच्छा रहता है। इस स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो काफी कठोर और सपाट है।
जानकारी
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 16 फरवरी को दिल्ली में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
अफगानिस्तान के गुरबाज ने पिछले 9 मैचों में 342 रन बनाए हैं। जादरान ने पिछले 9 मैचों में 335 रन अपने नाम किए हैं। UAE से अलीशान ने पिछले 10 मैचों में 346 रन बनाए हैं। वसीम 9 मैचों 278 रन बनाने में सफल रहे हैं। मुजीब ने 9 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार जुनैद ने 9 मैचों में 12 विकेट चटका चुके हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहने वाली हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
अफगानिस्तान और UAE के बीच यह मैच 16 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।