टी-20 विश्व कप 2026: ब्रायन बेनेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार जड़ा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 19वें मुकाबले में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतकीय पारी (64) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां और कंगारू टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा है, जिसे उन्होंने 43 गेंदों में पूरा किया। इसी तरह यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक है। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही बेनेट की पारी और साझेदारी?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे को सलामी बल्लेबाज बेनेट और तादिवानाशे मारुमानी (35) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद बेनेट से रयान बर्ल (35) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 70 रन और सिकंदर रजा (25) के साथ 38 रन की साझेदारी निभाते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। बेनेट पारी में 56 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
जिम्बाब्वे के लिए तीसरे सर्वाधिक 50+ स्कोर
इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही बेनेट ने खास उपलब्धि हासिल कर ली। वह अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जिम्बाब्वे के लिए संयुक्त रूप से तीसरे सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में हैमिल्टन मसाकाद्जा की बराबरी की है। दोनों ने 11-11 बार 50+ स्कोर बनाए हैं। जिम्बाब्वे के लिए सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कप्तान सिकंदर रजा (17) के नाम दर्ज है। दूसरे नंबर पर सीन विलियम्स (12) हैं।
करियर
कैसा रहा है बेनेट का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
बेनेट ने 2023 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 59 मैचों की 56 पारियों में 33.96 की औसत और 143 की स्ट्राइक रेट से 1,766 रन अपने नाम कर चुके हैं। इसमें 10 अर्धशतक के अलावा, 1 शतक भी शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 111 रन का रहा है। उन्होंने 15 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट भी अपने नाम किए हैं।