LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: ब्लेसिंग मुजारबानी ने झटका पहला 4 विकेट हॉल, पूरे किए 100 विकेट
ब्लेसिंग मुजारबानी ने कमाल की गेंदबाजी (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप 2026: ब्लेसिंग मुजारबानी ने झटका पहला 4 विकेट हॉल, पूरे किए 100 विकेट

संपादन भारत शर्मा
Feb 13, 2026
03:36 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 19वें मुकाबले में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने बड़ा उलटफेर कर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 23 रन से हरा दिया। साल 2007 के बाद ये पहला मौका है जब जिम्बाब्वे ने कंगारू टीम को इस प्रारूप में हराया है। मुकाबले में ब्लेसिंग मुजारबानी ने घातक गेंदबाजी की और पहली बार अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 4 विकेट लिए। उन्होंने इस दौरान अपने 100 विकेट भी पूरे किए। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

गेंदबाजी

ऐसी रही मुजारबानी की गेंदबाजी 

ऑस्ट्रेलिया 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी और उनकी पूरी टीम 19.3 ओवर में सिर्फ 146 रन बनाने के बाद ऑलआउट हो गई। तेज गेंदबाज मुजारबानी ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन खर्च किए और 4 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 4.20 की रही। उन्होंने जोश इंग्लिश (8), टिम डेविड (0), मैट रेनशॉ (65) और एडम जैम्पा (2) को अपना शिकार बनाया। उनके अलावा ब्रैड इवांस ने 3 विकेट अपने नाम किए।

उपलब्धि

जिम्बाब्वे के लिए 100 विकेट चटकाने वाले तीसरे गेंदबाज 

मुजारबानी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए। वह जिम्बाब्वे के लिए ये कारनामा करने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले सिकंदर रजा (103) और रिचर्ड नगारावा (111) ने यह उपलब्धि हासिल की है। मुजारबानी ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2018 में खेला था। उन्होंने 85 मैच खेले हैं और इसकी 82 पारियों में 21.08 की औसत से 100 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी 7.10 की रही है।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसे हैं मुजारबानी के आंकड़े 

मुजारबानी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 9 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी रेट 6.33 की रही है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 8.44 की शानदार औसत के साथ गेंदबाजी की है। मुजारबानी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में सबसे ज्यादा 16 विकेट अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ लिए हैं। इस मैच से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन बांग्लादेश (3/14) के खिलाफ आया था।

Advertisement

प्रदर्शन

टी-20 विश्व कप में ऐसा रहा है मुजारबानी का प्रदर्शन

मुजारबानी ने टी-20 विश्व कप में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 12.21 की औसत और 6.82 की इकॉनमी से 19 विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में जिम्बाब्वे के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी किया। इस मामले में उन्होंने वेलिंगटन मसाकाद्जा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने साल 2016 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 4/28 के आंकड़े दर्ज किए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 विश्व कप में उनसे बेहतर प्रदर्शन सिर्फ रविचंद्रन अश्विन (4/11, 2014) ने किया है।

Advertisement