टी-20 विश्व कप 2026: बाबर आजम को श्रीलंका के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में नहीं मिला मौका
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 50वें मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिहाज से पाकिस्तान को इस मैच में बहुत बड़ी जीत दर्ज करना जरूरी है। दिलचस्प रूप से पाकिस्तान ने अपने प्रमुख बल्लेबाज बाबर आजम को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया है। वह इस विश्व कप में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), ख्वाजा नफे, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद, उस्मान तारिक। श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, कामिल मिशारा (विकेटकीपर), चरित असलांका, पवन रथनायके, कामिंदु मेंडिस, दसुन शनाका (कप्तान), जनिथ लियानागे, दुनिथ वेल्लालगे, महेश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, और दिलशान मदुशंका।
आंकड़े
बाबर ने टी-20 विश्व कप 2026 में किया निराश
टी-20 विश्व कप 2026 में बाबर ने 6 मैच खेले हैं, जिसकी 4 पारियों में उन्होंने 22.75 की औसत और 112.34 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 91 रन बनाए। इस बीच वह कोई भी अर्धशतक नहीं लगा सके। उनके स्कोर 15, 46, 5 और 25 रन रहे। उन्हें नामीबिया के खिलाफ बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान का मैच बारिश की भेंट चढ़ गया।
करियर
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं बाबर
बाबर ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2016 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 145 मुकाबले खेले हैं और इसकी 136 पारियों में 38.94 की औसत और 128.02 की स्ट्राइक रेट से 4,596 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 39 अर्धशतक के अलावा 3 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122 रन रहा है। वह इस प्रारूप में विश्व के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।