टी-20 विश्व कप 2026: ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 14वें मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का सामना आयरलैंड क्रिकेट टीम से 11 फरवरी को होगा। इस मैच के साथ ही मिचेल मार्श की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने अभियान की शुरुआत करेगी। दूसरी तरफ आयरलैंड की टीम पलटवार के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आयरिश टीम को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है। आइए मैच से जुड़ी अहम बातों को जानते हैं।
हेड-टू-हेड
ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड के खिलाफ जीते हैं अपने दोनों मैच
अब तक दोनों टीमें 2 टी-20 में आमने-सामने हुई हैं और इन दोनों मुकाबलों को ऑस्ट्रेलिया ने जीता है। आखिरी बार टी-20 विश्व कप 2022 में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 42 रन से हराया था। ब्रिसबेन में खेले गए उस मैच में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 179 रन बनाए थे। जवाब में आयरलैंड की टीम 137 रन पर ही सिमट गई थी।
ऑस्ट्रेलिया
पहले मैच में नहीं खेलेंगे टिम डेविड
टी-20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही है। कप्तान मार्श ने पुष्टि की है कि ऑलराउंडर टिम डेविड चोट के कारण पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। आयरलैंड के खिलाफ मैच में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी की अगुआई नाथन एलिस करते हुए दिखेंगे। संभावित एकादश: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट, एडम जैम्पा, और मैथ्यू कुहनेमन।
आयरलैंड
इस संयोजन के साथ उतर सकती है आयरलैंड
आयरलैंड को अपने पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था। जीत के लिए 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरिश टीम 143 रन पर ही सिमट गई थी। ऐसे में आयरलैंड की टीम अपने बल्लेबाजों से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस एडेयर, हैरी टेक्टर, लोरकन टकर (विकेट कीपर), कर्टिस कैम्फर, बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क एडेयर, बैरी मैकार्थी, और मैथ्यू हम्फ्रीज।
पिच रिपोर्ट
कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है। ऐसे में दोनों टीमें उम्दा स्पिनरों के साथ उतर सकती है। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने (215/5 बनाम श्रीलंका, 2018) ने बनाया है।
जानकारी
कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 11 फरवरी को कोलंबो में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच के बिना किसी खलल के होने की उम्मीद है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
स्टर्लिंग आयरलैंड की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 26.31 की औसत से 3,894 रन बनाए हैं। मार्क एडेयर ने आयरलैंड की ओर से 19.51 की औसत से 140 विकेट लिए हैं। एडम जैम्पा ने टी-20 विश्व कप में 21 मैचों में 13.69 की औसत से 36 विकेट लिए हैं। वह आयरिश टीम के बल्लेबाजों की कठिन परीक्षा ले सकते हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।