ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 विश्व कप इतिहास में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। ट्रेविस हेड की कप्तानी में खेलते हुए कंगारू टीम ने आयरलैंड क्रिकेट टीम को 67 रन से हराया। प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/6 का स्कोर बनाया। जवाब में आयरिश टीम 115 रन पर सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की आसान जीत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को कप्तान हेड (6) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद जोश इंग्लिस (37), मैट रेनशॉ (37) और मार्कस स्टोइनिस (45) ने उपयोगी पारियां खेलते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में आयरलैंड ने सिर्फ 43 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। इनके अलावा कप्तान पॉल स्टर्लिंग (1) रिटायर्ड हर्ट हुए। खराब बल्लेबाजी के बीच आयरलैंड की टीम जॉर्ज डॉकरेल के संघर्ष (41) के बावजूद लक्ष्य से दूर रही।
जानकारी
ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 विश्व कप में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की
यह ऑस्ट्रेलिया की टी-20 विश्व कप में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। बता दें कि इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी जीत श्रीलंका के खिलाफ (81 रन, 2010) ब्रिजटाउन में आई थी।
स्टोइनिस
अर्धशतक से चूके स्टोइनिस
मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए स्टोइनिस ने 29 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वह अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय के 7वें अर्धशतक से चूक गए। उनके नाम अब 84 मैचों में 31.95 की औसत और 146.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,406 रन हो गए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 78 रन रहा है। टी-20 विश्व कप में वह कुल 400+ रन बना चुके हैं।
जैम्पा
जैम्पा ने की उम्दा गेंदबाजी
जैम्पा ने लोरकन टकर (24) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने अनुभव का भरपूर फायदा उठाते हुए आयरिश बल्लेबाजों से कठिन सवाल पूछे। इस दिग्गज लेग स्पिनर ने आयरलैंड के बल्लेबाजी क्रम से गैरेथ डेलानी (11), जॉर्ज डॉकरेल (41) और मार्क अडायर (12) को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया। उन्होंने 4 ओवर के कोटे में 5.80 की इकॉनमी रेट के साथ 23 रन दिए।
एलिस
एलिस ने की अविश्वनीय गेंदबाजी, बने प्लेयर ऑफ द मैच
ऑस्ट्रलिया की इस जीत में नाथन एलिस की अहम भूमिका रही। इस तेज गेंदबाज ने अपने 3.5 ओवर में 12 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन बन गया। उन्होंने नई गेंद के साथ-साथ पुरानी गेंद से डेथ ओवर्स के दौरान भी उम्दा गेंदबाजी की। उन्हें इस मुकाबले के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आंकड़े
टी-20 विश्व कप में दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने जैम्पा
जैम्पा ने टी-20 विश्व कप में 22 मैचों में 12.90 की औसत से 40 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 19 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में विकेटों के मामले में वनिंदु हसरंगा और राशिद खान की बराबरी की है। बता दें कि बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (50) टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।