टी-20 विश्व कप 2026: एडेन मार्करम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा चौथा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 47वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के कप्तान एडेन मार्करम ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (82*) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां और कैरेबियन टीम के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 27 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में छठा अर्धशतक रहा। उनकी पारी की बदौलत प्रोटियाज टीम ने लक्ष्य का पीछा कर 9 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
बल्लेबाजी
कैसी रही मार्करम की पारी और साझेदारी?
प्रोटियाज टीम को 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम और क्विंटन डिकॉक (47) की सलामी जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में 95 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद मार्करम ने रयान रिकेल्टन (45) के साथ दूसरे विकेट के लिए नाबाद 82 रन की साझेदारी निभाकर टीम को जीत दिला दी। मार्करम अपनी पारी में 46 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों से 82 रन बनाकर नाबाद रहे।
करियर
कैसा रहा है मार्करम का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
मार्करम ने साल 2019 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 75 मैचों की 71 पारियों में 32.40 की औसत और 148.74 की स्ट्राइक रेट से 1,944 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 14 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 86 रन का रहा है। वह 11 बार नाबाद भी रहे हैं। इसी तरह उन्होंने 182 चौके और 82 छक्के भी जड़े हैं।