Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024:  हार्दिक पांड्या 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले तीसरे भारतीय बने 
हार्दिक पांड्या ने टी-20 विश्व कप 2024 में कमाल का प्रदर्शन किया है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टी-20 विश्व कप 2024:  हार्दिक पांड्या 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले तीसरे भारतीय बने 

Jun 29, 2024
09:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए। उनके अलावा सिर्फ रोहित शर्मा (159) और विराट कोहली (125) ने भारत के लिए 100 से ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

करियर

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कैसी रही है पांड्या की बल्लेबाजी?

हार्दिक ने 100 मैच की 76 पारियों में 20 बार नाबाद रहते हुए 1,487 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71* रन रहा है। हार्दिक की स्ट्राइक रेट टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 140.68 की रही है। बल्लेबाजी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आया है। उन्होंने उस टीम के खिलाफ 15 मैच की 13 पारियों में 30.20 की औसत और 152.52 की स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए हैं।

गेंदबाजी

गेंदबाजी में कैसा रहा है हार्दिक का प्रदर्शन?

गेंदबाजी में उन्होंने 88 पारियों में 26.18 की औसत से 81 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.13 की रही है। उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/16 का रहा है। हार्दिक ने सबसे ज्यादा विकेट इंग्लैंड की टीम के खिलाफ लिए हैं। उन्होंने 15 मैच में 25.42 की औसत से 14 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी 8.09 की रही है। उन्होंने 2 बार इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट हॉल लिए हैं।

मैच

चौथे स्थान पर हैं धोनी 

भारत के लिए रोहित, कोहली और हार्दिक के अलावा 90 से ज्यादा मैच सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ने खेले हैं। उन्होंने साल 2006 में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू किया था और अपना आखिरी मुकाबला साल 2019 में खेला था। उन्होंने 98 मैच में 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन रहा था। धोनी के बाद सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भुवनेश्वर कुमार (87) ने खेले हैं।

करियर

इस विश्व कप अच्छी लय में हैं हार्दिक 

हार्दिक ने इस विश्व कप में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय (50*) पारी खेली थी। यह बांग्लादेश के खिलाफ उनका पहला अर्धशतक था। उनकी पारी की बदौलत ही भारतीय टीम मैच में 5 विकेट पर 196 रन का स्कोर बनाने में सफल रही थी। पांड्या 27 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद रहे थे। इस विश्व कप में उन्होंने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 विकेट हॉल भी लिया था।