LOADING...
टी-20 विश्व कप: जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हराया (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

टी-20 विश्व कप: जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

Oct 17, 2022
06:05 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2022 के चौथे मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने आयरलैंड को 31 रनों से हरा दिया है। जिम्बाब्वे ने पहले खेलते हुए सिकंदर रजा की 82 रनों की पारी की मदद से सात विकेट खोकर 174 रन बनाए थे। जवाब में आयरलैंड के बल्लेबाजों ने खराब प्रदर्शन किया और पूरे ओवर खेलकर 143/9 का स्कोर ही बना सकी। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

आसानी से जीती जिम्बाब्वे

जिम्बाब्वे ने पॉवरप्ले के बाद 41 के स्कोर तक तीन विकेट गंवा दिए थे। मुश्किल परिस्थितियों में क्रीज पर आए रजा ने अर्धशतक लगाया और एक छोर से जमकर बल्लेबाजी की। वहीं आखिर में बल्लेबाजी के लिए आए ल्यूक जोंगवे ने 10 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया। जवाब में आयरलैंड ने 22 के स्कोर तक अपने चार विकेट खो दिए। इसके बाद भी लगातार गिर रहे विकेटों के चलते आयरिश टीम लक्ष्य से दूर रह गई।

रजा

रजा ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

जबरदस्त फॉर्म में चल रहे सिकंदर रजा ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 48 गेंदों में पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। यह टी-20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर बन गया है। उन्होंने ब्रैंडन टेलर (64*) का रिकॉर्ड तोड़ा है, जो उन्होंने 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। चौथा अर्धशतक रजा ने इस साल नंबर पांच या उससे नीचे खेलते हुए लगाया है।

Advertisement

आंकड़े

आयरलैंड के पांचवे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने लिटिल

आयरलैंड से जोशुआ लिटिल ने अपने चार ओवरों में 24 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 47 मैचों में 24.22 की औसत और 7.72 की इकॉनमी रेट से 54 विकेट हो गए हैं। उन्होंने अपने देश के पूर्व गेंदबाज बॉयड रैंकिन (54) की बराबरी कर ली है। वह संयुक्त रूप से आयरलैंड के पांचवे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हो गए हैं।

Advertisement

अन्य रिकॉर्ड्स

मैच में बने अन्य रिकॉर्ड्स

आज का स्कोर (174/7) जिम्बाब्वे का टी-20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर हो गया है। इससे पहले इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिम्बाब्वे का सर्वोच्च स्कोर 163/5 था, जो 2014 के विश्व कप में आयरलैंड के खिलाफ ही आया था। आयरलैंड के लिटिल और मैकार्थी ने 10वें विकेट के लिए नाबाद 32 रनों की साझेदारी की है। यह विश्व कप में 10 विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। यह जिम्बाब्वे की आयरलैंड के खिलाफ टी-20 में चौथी जीत है।

Advertisement