Page Loader
टी-20 विश्व कप: न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को हराकर हासिल की दूसरी जीत,  बने ये रिकार्ड्स
न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को हराया

टी-20 विश्व कप: न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को हराकर हासिल की दूसरी जीत, बने ये रिकार्ड्स

Nov 03, 2021
07:05 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप के 32वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को 16 रनों से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए मार्टिन गुप्टिल की 93 रनों की शानदार पारी की बदौलत पांच विकेट खोकर 172 का स्कोर बनाया था। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम पूरे ओवर के खेलने के बाद 156/5 का स्कोर ही बना सकी। मैच में बने रिकार्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला

न्यूजीलैंड ने 35 के टीम स्कोर तक डेरिल मिचेल (13) और केन विलियमसन (0) के विकेट खो दिए। दूसरे छोर से मार्टिन गुप्टिल ने जमकर बल्लेबाजी की और ग्लेन फिलिप्स के साथ चौथे विकेट के लिए 105 रन जोड़कर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में स्कॉटलैंड ने पॉवरप्ले में 48/1 का स्कोर बनाया। वहीं निचले क्रम में माइकल लिस्क (20 गेंदों में 42* रन) की आक्रामक पारी के बावजूद लक्ष्य से दूर रह गई।

जानकारी

तीसरे पायदान पर बरकरार न्यूजीलैंड

अपने तीन मैचों के बाद न्यूजीलैंड (+0.816) ने दूसरी जीत दर्ज की है और फिलहाल ग्रुप-2 में तीसरे पायदान पर बरकरार है। उनके ग्रुप में पाकिस्तान पहले और अफगानिस्तान दूसरे पायदान पर बने हुए हैं।

उपलब्धि

गुप्टिल ने पूरे किए 3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन

सलामी बल्लेबाज गुप्टिल ने 56 गेंदों में छह चौकों की मदद से 93 रन बनाए। अपनी शानदार पारी के दौरान गुप्टिल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन पूरे किए हैं। वह ऐसा करने वाले विश्व के सिर्फ दूसरे और न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली (3,225) ये कारनामा कर चुके हैं। गुप्टिल के अब 105 मैचों में 32.64 की औसत से 3,069 रन हो गए हैं।

जानकारी

गुप्टिल ने पूरे किए 150 छक्के

गुप्टिल ने अपनी पारी में सात छक्के लगाए। उनके अब 154 छक्के हो गए हैं। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 150 छक्कों का आंकड़ा पार करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।

आंकड़े

मार्क वाट ने की कफायती गेंदबाजी

बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मार्क वाट ने एक बार फिर किफायती गेंदबाजी की और अपने चार ओवरों में 13 रन देकर एक विकेट लिया। उनका टी-20 विश्व कप के एक मैच में सबसे ज्यादा इकॉनमी रेट 5.75 का रहा है। वाट के गेंदबाजी के आंकड़े इस प्रकार से हैं। 1/19 बनाम बांग्लादेश 1/23 बनाम पापुआ न्यू गिनी 1/23 बनाम ओमान 1/23 बनाम अफगानिस्तान 1/22 बनाम नामीबिया 1/13 बनाम न्यूजीलैंड

जानकारी

धवन के बाद ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने गुप्टिल

गुप्टिल इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी बार बिना शतक बनाए 90 से अधिक के स्कोर पर आउट हुए हैं। इससे पहले सिर्फ शिखर धवन 2018 में दो बार, बिना शतक बनाए 90 से अधिक के स्कोर में आउट हुए थे।