LOADING...
टी-20 अंतरराष्ट्रीय: इन कप्तानों ने 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से खेली हैं शतकीय पारियां  
रोहित शर्मा कर चुके हैं ऐसा कारनामा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय: इन कप्तानों ने 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से खेली हैं शतकीय पारियां  

Sep 17, 2025
07:36 pm

क्या है खबर?

किसी भी खेल में कप्तान के ऊपर अपनी टीम के अच्छे प्रदर्शन का दारोमदार होता है। क्रिकेट में भी कप्तान अपनी गेंदबाजी या बल्लेबाजी से टीम की अगुआई करते हुए मैच में अंतर पैदा करना चाहता है। टी-20 क्रिकेट में अब तक चुनिंदा कप्तानों ने 200+ की स्ट्राइक रेट से शतक लगाने में सफलता हासिल की है। इस बीच पूर्ण सदस्यीय देशों के खिलाफ 200+ की स्ट्राइक रेट से शतकीय पारी खेलने वाले कप्तानों के बारे में जानते हैं।

#1 

रोहित शर्मा (274.41 बनाम श्रीलंका, 2017)

भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए रोहित शर्मा ने 2017 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ इंदौर में 274.41 की स्ट्राइक रेट से शतकीय पारी खेली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 43 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 118 रन बनाए थे। उनकी पारी की मदद से भारत ने 260/5 का स्कोर बनाया था और आखिर में श्रीलंकाई टीम 172 रन पर सिमट गई थी।

#2

आरोन फिंच (226.31 बनाम जिम्बाब्वे, 2018)

साल 2018 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ हरारे में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने 226.31 की स्ट्राइक रेट से 172 रन की बेजोड़ पारी खेली थी। उस पारी में उन्होंने सिर्फ 76 गेंदों का सामना किया था। फिंच ने अपनी उस पारी में 124 रन चौकों और छक्कों की मदद से बनाए थे। उनके बल्ले से 16 चौके और 10 छक्के निकले थे। उस मैच को ऑस्ट्रेलिया ने 100 रन से अपने नाम किया था।

#3

फाफ डु प्लेसिस (212.50 बनाम वेस्टइंडीज, 2015)

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के विरुद्ध दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी करते हुए फाफ डु प्लेसिस ने 56 गेंदों में 119 रन बनाए थे। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए थे। डु प्लेसिस के शतक की मदद से प्रोटियाज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 231/7 का स्कोर बनाया था। हालांकि, उस मैच में वेस्टइंडीज ने 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।

#4 

बाबर आजम (206.77 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2021)

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए बाबर आजम ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। सेंचुरियन में खेले गए उस मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203/5 का स्कोर बनाया था। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर ने 59 गेंदों में 15 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 122 रन बनाए थे। कप्तानी पारी के चलते ही पाकिस्तान ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल किया था।