टी-20 क्रिकेट के इतिहास में इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं 700 से ज्यादा छक्के
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट में खिलाड़ियों की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा उनके छक्कों की संख्या से लगाया जा सकता है। इस प्रारूप में कम गेंदों पर ज्यादा रन बनाने के लिए बड़े शॉट खेलना बेहद अहम होता है। दुनिया भर की टी-20 लीग और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कई बल्लेबाजों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई है। ऐसे में आइए उन बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने टी-20 क्रिकेट के इतिहास में 700 से ज्यादा छक्के लगाए हैं।
#1
क्रिस गेल (1,056 छक्के)
इस सूची में पहले स्थान पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं।
उन्होंने अपना पहला टी-20 मुकाबला 2005 में खेला था और आखिरी बार 2022 में इस प्रारूप में खेलते नजर आए थे।
गेल ने 463 टी-20 मुकाबलों की 455 पारियों में 1,056 छक्के लगाए थे। उनके बल्ले से 36.22 की औसत से कुल 14,562 रन निकले थे।
उनके नाम टी-20 क्रिकेट में 22 शतक और 88 अर्धशतक दर्ज हैं।
#2
किरोन पोलार्ड (1,001 छक्के)
इस सूची में दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के एक और स्टार खिलाड़ी किरोन पोलार्ड हैं।
उन्होंने अब तक 746 टी-20 मुकाबले खेले हैं और इसकी 663 पारियों में 1,001 छक्के लगाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 31.76 की औसत और 151.02 की उम्दा स्ट्राइक रेट से 14,803 रन निकले हैं।
उन्होंने अपने टी-20 करियर में 2 शतक और 70 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन रहा है।
#3
आंद्रे रसेल (801 छक्के)
साल 2010 में अपना पहला टी-20 मुकाबला खेलने वाले वेस्टइंडीज के एक और ऑलराउंडर खिलाड़ी आंद्रे रसेल सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
इस खिलाड़ी ने 603 मुकाबले खेले हैं और इसकी 520 पारियों में 26.06 की औसत और 166.72 की स्ट्राइक रेट से 9,852 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 801 छक्के निकले हैं। उन्होंने 2 शतक और 36 अर्धशतक भी लगाए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 121* रन रहा है।
#4
निकोलस पूरन (776 छक्के)
इन खिलाड़ियों के अलावा टी-20 क्रिकेट में 700 से ज्यादा छक्के सिर्फ निकोलस पूरन ने लगाए हैं।
उन्होंने अब तक 475 टी-20 मुकाबले खेले हैं और इसकी 448 पारियों में 776 छक्के लगाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 29.94 की औसत और 147.9 की स्ट्राइक रेट से 11,201 रन निकले हैं।
पूरन ने अपने टी-20 करियर में 5 शतक और 69 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108* रन रहा है।