सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026: रजत पाटीदार ने असम के खिलाफ जड़ा शतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में सोमवार को असम क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाज करते हुए शतकीय पारी (135*) खेली। यह पारी राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया-A टीम ने न चुने जाने के कुछ दिन बाद आई है। यह उनके टी-20 क्रिकेट करियर का दूसरा ही शतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 41 गेंदों में पूरा किया। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही पाटीदार की पारी और साझेदारी?
मध्य प्रदेश को पहले बल्लेबाजी करते हुए 57 रन के कुल स्कोर पर 3 झटके लग गए थे।
उसके बाद बल्लेबाजी पर आए पाटीदार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूती दी। उन्होंने शिवांग कुमार (61) के साथ चौथे विकेट के लिए 153 रन की साझेदारी निभाई।
वह अपनी पारी में 48 गेंदों में 8 चौके और 13 छक्कों से 135 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी से मध्य प्रदेश की टीम 250/6 का स्कोर बनाने में सफल रही।
करियर
कैसा रहा है पाटीदार का टी-20 करियर?
पाटीदार ने साल 2018 में अपने टी-20 करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 115 टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 108 पारियों में 35 से अधिक की औसत और 160 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 3,560 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 2 शतक के अलावा 31 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है।
वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान भी हैं।
मुकाबला
मध्य प्रदेश ने इस तरह जीता मुकाबला
मध्य प्रदेश की ओर से मिले 251 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए असम की टीम 17.4 ओवर में 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
टीम के लिए शिबशंकर रॉय (32) ने सर्वोच्च पारी खेली। मध्य प्रदेश के लिए कुमार कार्तिकेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर केवल 17 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए।
इसी तरह तेज गेंदबाज आवेश खान और राहुल बाथम ने भी बेहतरीन गेंदबाजी कर 2-2 विकेट चटकाए।