सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27: बड़ौदा की टीम का हुआ ऐलान, हार्दिक पांड्या नहीं हैं शामिल
क्या है खबर?
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बड़ौदा की टीम में शामिल नहीं किया गया है। इस घरेलू टी-20 टूर्नामेंट में उनके भाई क्रुणाल बड़ौदा टीम की कप्तानी करेंगे। यह फैसला पांड्या के लंबे समय तक चोट के कारण बाहर रहने के बाद लिया गया है। उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 24 मई को IPL 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस की ओर से खेला था।
चोट
चोटों से जूझ रहे हैं पांड्या
पांड्या लगातार चोटों से जूझ रहे हैं, जिनकी वजह से वे महीनों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं।
अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए उन्हें इंडिया-A की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन पैर के निचले हिस्से में नई चोट लगने के कारण उन्हें अपना नाम वापस लेना पड़ा था।
उस समय क्रिकइंफो ने रिपोर्ट दी थी कि गेंदबाजी करते समय उन्हें दर्द महसूस हो रहा था।
चोट
CoE में काफी समय गुजार चुके हैं पांड्या
IPL के बाद से पांड्या ने अपना काफी समय बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) में बिताया है।
शुरुआत में वे IPL के दौरान पीठ में आई जकड़न के कारण वहां गए थे, लेकिन बाद में पैर में खिंचाव की वजह से उन्हें वहां रुकना पड़ा था।
इस IPL सीजन से पहले उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
जानकारी
मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बड़ौदा की टीम
बड़ौदा की टीम: क्रुणाल पांड्या (कप्तान), अतीत शेठ (उपकप्तान), दीपक हुडा, शिवालिक शर्मा, शाश्वत रावत, अमित पासी (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भानु पनिया, महेश पिठिया, परीक्षित पाटीदार, हेमंत पुंडे, राज लिम्बानी, रसिक डार, ध्रुव बी पटेल, सफवन पटेल।