Loading...
सूर्यकुमार यादव को अब मुंबई टीम से भी किया गया बाहर, इस युवा को बनाया उपकप्तान
सूर्यकुमार यादव को अब मुंबई टीम से भी किया गया बाहर

सूर्यकुमार यादव को अब मुंबई टीम से भी किया गया बाहर, इस युवा को बनाया उपकप्तान

Oct 06, 2026
10:23 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को एक और बड़ा झटका लगा है। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती मुकाबलों से उन्हें मुंबई क्रिकेट टीम से भी बाहर कर दिया गया है। रमेश पोवार की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने सूर्यकुमार के खुद को उपलब्ध बताए जाने के बाद यह फैसला लिया है। उनकी जगह 19 वर्षीय आयुष म्हात्रे को नया उपकप्तान नियुक्त किया है।

बयान

पोवार ने मामले पर क्या दिया बयान

सूर्यकुमार को रणजी ट्रॉफी टीम में शामिल न करने को लेकर मुख्य चयनकर्ता पोवार ने कहा, "सूर्यकुमार चयन के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन फिलहाल युवाओं को मौका देने का फैसला किया गया है।"

उन्होंने कहा, "वह निश्चित रूप से बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। हम बस यह चाहते हैं कि वह कुछ रेड-बॉल मैच खेलकर अपनी लय हासिल करें। उन्होंने पिछले 18 महीनों से कोई लाल गेंद का मैच नहीं खेला है। ऐसे में फॉर्म हासिल करना जरूरी है।"

जिम्मेदारी

म्हात्रे को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी

चयनकर्ताओं ने सरफराज खान जैसे अनुभवी और स्थापित वरिष्ठ खिलाड़ियों को दरकिनार करते हुए सीधे 19 वर्षीय म्हात्रे को उपकप्तान बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

म्हात्रे ने हाल ही में भारत को अंडर-19 विश्व कप का खिताब दिलाया है।

हालांकि, उनके पास केवल 13 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव है, लेकिन चयनकर्ता उन्हें मुंबई के भविष्य के कप्तान के रूप में तैयार करना चाहते हैं।

इसी तरह भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी टीम में जगह मिली है।

ADVERTISEMENT

परेशानी

सूर्यकुमार के करियर का सबसे खराब दौर

सूर्यकुमार का करियर बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। इस साल टी-20 विश्व कप 2026 जीतने के बावजूद उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

उन्होंने आखिरी बार जून 2026 में मुंबई टी-20 लीग में प्रतिस्पर्धी मैच खेला था।

बता दें कि सूर्यकुमार ने फरवरी 2023 में भारत के लिए एकमात्र टेस्ट खेला था। प्रथम श्रेणी प्रारूप में उन्होंने 42.33 की औसत और 14 शतकों से 5,758 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENT

टीम

रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई की पूरी टीम

मुंबई को अपने तेज गेंदबाज ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के बिना ही उतरना पड़ेगा। अभ्यास सत्र के दौरान उनके दाएं हाथ की बीच की उंगली में फ्रैक्चर हो गया है। इससे वह शुरुआती 2 मैच से बाहर हो गए हैं।

मुंबई की टीम: सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे (उपकप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डीसूजा, ओंकार तरमले।

ADVERTISEMENT