Loading...
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम में वापसी के लिए अपनाया धोनी की फिल्म का मंत्र
सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लगातार 2 अर्धशतक जड़ दिए हैं

सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम में वापसी के लिए अपनाया धोनी की फिल्म का मंत्र

Nov 16, 2026
07:22 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट में विस्फोटक अंदाज अपनाया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मुंबई की कप्तानी करते हुए सूर्यकुमार ने लगातार 2 मैचों में तूफानी अर्धशतकीय पारियां खेलकर चयनकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक फिल्म के एक मशहूर डायलॉग का जिक्र कर अपनी रणनीति का खुलासा किया है।

बयान

सूर्यकुमार ने क्या दिया बयान?

मैच में BCCI की सीनियर चयन समिति के सदस्य शिव सुंदर दास की मौजूदगी में आक्रामक बल्लेबाजी करने के बाद सूर्यकुमार ने कहा, "आपने 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' फिल्म जरूर देखी होगी, जिसमें माही भाई के दोस्त ने कहा था कि सेलेक्टर जहां बैठा है, वहीं मारना।' आज मेरा प्लान भी बिल्कुल वैसा ही था। मैं जितना संभव हो सके लगातार रन बनाने, टीम को मैच जिताने और 'हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड' वाला खेल खेलने की कोशिश कर रहा हूं।"

जोर

सूर्यकुमार ने स्वाभाविक आक्रामक शैली पर दिया जोर

सूर्यकुमार ने अपनी स्वाभाविक आक्रामक शैली पर कहा, "यह कोई बयान देने या कुछ साबित करने की बात नहीं है। मैं बस उसी तरह खेल का आनंद लेना चाहता हूं जैसे मैंने हमेशा खेला है। एंटरटेनमेंट वाला फॉर्मेट है, खुल के खेलो एकदम।"

उन्होंने कहा, "मुझे सामने की तरफ मारा गया छक्का देखकर बहुत मजा आया। मैं इसका काफी अभ्यास कर रहा था। अगर, मैदान पर अभ्यास का परिणाम मिले, तो इसका मतलब है कि आपका अभ्यास सफल रहा है।"

ADVERTISEMENT

प्रदर्शन

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार रहा है सूर्यकुमार का प्रदर्शन

सूर्यकुमार का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रदर्शन शानदार रहा है।

14 नवंबर को कोलकाता में खेले गए एलीट ग्रुप-D के शुरुआती मुकाबले में सूर्यकुमार ने महज 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाकर मुंबई को हैदराबाद के खिलाफ 7 विकेट से शानदार जीत दिलाई।

इसी तरह सोमवार को अपनी इस आक्रामक लय को जारी रखते हुए उन्होंने टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में गुजरात के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 82 रन की धमाकेदार पारी खेली है।

ADVERTISEMENT