द हंड्रेड: सनराइजर्स द्वारा अबरार अहमद को खरीदने पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड में खेले जाने वाले द हंड्रेड के लिए सनराइजर्स लीड्स द्वारा पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज अबरार अहमद को टीम में शामिल किए जाने को लेकर उठे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सनराइजर्स लीड्स पूरी तरह भारत के मीडिया समूह सन ग्रुप के स्वामित्व में है, जिसका नेतृत्व कलानिधि मारन और उनकी बेटी काव्या मारन करती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस पूरे मामले पर BCCI ने क्या कहा है?
बयान
BCCI ने कही यह बात
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस मामले पर कहा कि उनका अधिकार क्षेत्र केवल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) तक सीमित है और अन्य लीग में उनका कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने ANI से बातचीत में कहा, "हमारा क्षेत्र केवल IPL तक सीमित है। उसके बाहर किसी प्रतियोगिता में टीमें क्या करती हैं, उससे हमारा कोई लेना देना नहीं है। विदेशी प्रतियोगिता में किसी खिलाड़ी को अनुबंधित करने से हम उन्हें कैसे रोक सकते हैं? यह पूरी तरह उनका निर्णय है।"
शामिल
नीलामी में काव्या मारन भी थी मौजूद
पहले दुनिया की बड़ी टी-20 लीगों में भारतीय टीम मालिक पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में लेने से बचते रहे हैं। अबरार को सनराइजर्स ने 1.90 लाख पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा है, जिससे भारतीय फैंस नाराजगी जता रहे हैं। टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी और टीम की मालिक काव्या नीलामी के दौरान मौजूद थीं। ट्रेंट रॉकेट्स से मिली चुनौती के बावजूद उन्होंने सफल बोली लगाकर अबरार को अपनी टीम में शामिल कर लिया।
पाकिस्तान
नीलामी में पाकिस्तान के 13 खिलाड़ी थे शामिल
नीलामी में पाकिस्तान के 13 खिलाड़ियों को शामिल किया जाना था, लेकिन 24 घंटे पहले शाहीन शाह अफरीदी ने अपना नाम वापस ले लिया। हारिस रऊफ, सैम अयूब और शादाब खान को कोई खरीदार नहीं मिला। अबरार के अलावा उस्मान तारिक को टीम मिल गई। उस्मान को बर्मिंघम फीनिक्स ने खरीदा, जो वार्विकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब और अमेरिकी निवेश कंपनी नाइटहेड कैपिटल मैनेजमेंट के संयुक्त स्वामित्व में है। वहीं, महिला नीलामी में किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं चुना गया।
नाम
इसी साल भारतीय कंपनी के नियंत्रण में आई थी टीम
सनराइजर्स लीड्स का पहले नाम नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स था, जिसे इस साल भारतीय कंपनी ने अपने नियंत्रण में ले लिया। द हंड्रेड में भारतीय कंपनियों के टीम खरीदने के बाद यह चर्चा तेज थी कि नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शायद मौका नहीं मिलेगा, जैसा कि IPL और SA-20 लीग में देखने को मिलता है। अबरार हाल ही में हुए टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने 4 मैचों में 6 विकेट लिए थे।