Loading...
स्टीव स्मिथ की गर्दन में चोट, जानिए कब तक करेंगे मैदान पर वापसी
स्टीव स्मिथ के गर्दन में चोट आ गई है (फाइल तस्वीर)

स्टीव स्मिथ की गर्दन में चोट, जानिए कब तक करेंगे मैदान पर वापसी

Oct 29, 2026
05:10 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ की गर्दन में सर्वाइकल फैसेट जॉइंट इंजरी का पता चला है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ ग्केबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन उनकी चोट की जानकारी सामने आई थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने स्मिथ की चोट की पुष्टि की है। हालांकि, इस झटके के बावजूद उनके दिसंबर में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज तक फिट होने की संभावना है।

चोट

चोट के कारण स्मिथ की बल्लेबाजी पर पड़ा असर 

गर्दन की चोट के कारण सेंट जॉर्ज पार्क में पहली पारी के दौरान स्मिथ के प्रदर्शन पर भी असर पड़ा था, जिसके चलते उन्हें बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरना पड़ा।

मैच की दूसरी पारी में भी उन्हें 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया।

केपटाउन पहुंचने के बाद शुक्रवार को उनका स्कैन कराया गया। जांच में सर्वाइकल फैसेट जॉइंट इंजरी की पुष्टि हुई। इस चोट के कारण उनकी गर्दन की गति भी सीमित हो गई है।

बयान

CA ने क्या कहा?

CA ने अपने बयान में कहा, "पिछले सप्ताह ग्केबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन स्मिथ की गर्दन में दर्द शुरू हुआ था।"

बोर्ड ने आगे बताया कि इसके बाद कराए गए एमआरआई स्कैन में इंजरी की पुष्टि हुई।

इस चोट और गर्दन की गति सीमित होने के कारण स्मिथ मौजूदा टेस्ट में खेलने के लिए फिट नहीं थे। हालांकि, बोर्ड को दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज तक उनकी पूरी तरह वापसी की उम्मीद है।

ADVERTISEMENT

टीम

घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं स्मिथ

न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 दिसंबर से पर्थ में शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले स्मिथ के पास चोट से उबरने के लिए 6 सप्ताह का समय है।

उनकी रिकवरी की प्रगति के आधार पर वह न्यू साउथ वेल्स की ओर से शेफील्ड शील्ड का मुकाबला खेल सकते हैं।

न्यू साउथ वेल्स को 11 नवंबर को दक्षिण ऑस्ट्रेलिया और 22 नवंबर को क्वींसलैंड के खिलाफ खेलना है। ये दोनों मुकाबले सिडनी में खेले जाएंगे।

ADVERTISEMENT

रिकॉर्ड

ये बड़ा रिकॉर्ड किया था स्मिथ ने अपने नाम 

स्मिथ ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में 11,000 रन पूरे करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने थे।

उनसे पहले रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर ही यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

वहीं, स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के 12वें खिलाड़ी बने थे। उनके नाम अब 127 टेस्ट मैचों में 55.29 की औसत से 11,003 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 37 शतक भी लगाए हैं।

ADVERTISEMENT