Page Loader
IPL में प्रदर्शन के आधार पर पंत और सैमसन का तुलनात्मक विश्लेषण

IPL में प्रदर्शन के आधार पर पंत और सैमसन का तुलनात्मक विश्लेषण

लेखन Neeraj Pandey
Sep 28, 2020
03:06 pm

क्या है खबर?

ऋषभ पंत और संजू सैमसन भारत के सबसे टैलेंटेड विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक हैं। भारतीय टीम में पंत को महेन्द्र सिंह धोनी की जगह लेने का दावेदार माना जाता है और उन्हें कई मौके भी दिए गए हैं। सैमसन को नेशनल टीम में तो ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अपना लोहा मनवाया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रदर्शन के आधार पर दोनो खिलाड़ियों का तुलनात्मक विश्लेषण।

पंत

पंत का IPL में बल्लेबाजी करियर

2016 सीजन से ही पंत दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। हालांकि, 2018 सीजन में उन्होंने जमकर सुर्खियां बटोरी और 52.62 की औसत के साथ 684 रन बनाए। उस सीजन वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। पंत ने उस सीजन सबसे ज्यादा 37 छक्के भी लगाए थे। उन्होंने 56 मैचों में 36.85 की औसत के साथ 1,806 रन बनाए हैं। पंत ने एक शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।

सैमसन

सैमसन का IPL में बल्लेबाजी करियर

भले ही सैमसन 2013 से ही IPL में खेल रहे हैं, लेकिन 2017 से लगातार अपने धमाके दिखा रहे हैं। सैमसन ने 95 मैचों में 28.88 की औसत के साथ 2,368 रन बनाए हैं। वह IPL में दो शतक और 12 अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने लीग में 100 छक्के भी पूरे कर लिए हैं। सैमसन ने पिछले सीजन ही लीग में अपना दूसरा शतक लगाया था।

जानकारी

विकेटकीपिंग आंकड़ों में सैमसन से आगे हैं पंत

विकेटकीपिंग में पंत ने 46 पारियों में 44 शिकार किए हैं जिसमें 32 कैच और 11 स्टंपिंग शामिल हैं। सैमसन ने 42 पारियों में 32 शिकार किए हैं। उन्होंने 26 कैच और छह स्टंपिंग किए हैं।

प्रदर्शन

एक-दूसरे की टीमों के खिलाफ दोनो का प्रदर्शन

पंत का राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उन्होंने चार पारियों में 110 की औसत के साथ 220 रन बनाए हैं। उन्होंने राजस्थान के खिलाफ अपने रन 188 की स्ट्राइक रेट के साथ बनाए हैं। दूसरी ओर सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ ज्यादा सफलता नहीं पाई है। दिल्ली के खिलाफ सैमसन ने 18.57 की औसत के साथ केवल 130 रन ही बनाए हैं।

IPL 2020

इस सीजन अब तक ऐसा रहा है दोनो खिलाड़ियों का प्रदर्शन

इस सीजन सैमसन की शुरुआत धमाकेदार रही है और पंत ने भी अच्छी शुरुआत की है। पंत ने अब तक खेले दो मैचों में 31 और 37* का स्कोर बनाया है। सैमसन ने राजस्थान के पहले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ नौ छक्के लगाए थे और 32 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली थी। KXIP के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों में 85 रन बनाए थे। सैमसन दोनो मैच में 'मैन ऑफ द मैच' रहे हैं।