टी-20 विश्व कप 2026: श्रीलंका बनाम ओमान मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का 16वां मुकाबला गुरुवार(12 फरवरी) को श्रीलंका क्रिकेट टीम और ओमान क्रिकेट टीम के बीच पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। यह ग्रुप-B का मुकाबला होगा। ओमान को पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, वहीं श्रीलंका ने पहला मैच आयरलैंड के खिलाफ 20 रन से जीता था। इस प्रारूप में पहली बार दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
टीम
ये हो सकती है श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
श्रीलंका को ओमान के खिलाफ मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार स्पिन गेंदबाज वनिंदु हसरंगा चोटिल होने के कारण पूरी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में उनकी जगह दूषण हेमंथा को मौका मिल सकता है। इसके अलावा टीम प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं चाहेगी। संभावित एकादश: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालागे, दूषण हेमंथा, दुश्मंथा चमीरा, महेश तीक्षाना और मथीशा पथिराना।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है ओमान की प्लेइंग इलेवन
ओमान की बल्लेबाजी पहले मैच में बेहद खराब रही थी। पूरी टीम सिर्फ 103 रन पर ऑलआउट हो गई थी। शीर्षक्रम के बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे थे। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ उन्हें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। अनुभवी जतिंदर सिंह से एक कप्तानी पारी की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफयान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद
पिच
ऐसा रहेगा पिच का मिजाज
पल्लेकेले स्टेडियम की पिच आमतौर पर काफी संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंद से गेंदबाजों को जरूर मदद मिलेगी। हालांकि, नजरें जमने के बाद बल्लेबाज बड़ी पारी खेल सकते हैं और बड़े-बड़े शॉट्स लगा सकते हैं। खेल के आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी होती जाती है और स्पिनर्स को भी मदद मिलती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन रहा है और 170 से ज्यादा रन का लक्ष्य भी चेज हुआ है।
जानकारी
कैसा होगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 12 फरवरी को कैंडी में बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 65 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच के दौरान बारिश का थोड़ा खलल पड़ सकता है।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
कुसल ने पिछले 10 मैचों में 277 रन बनाए हैं। कामिल ने 9 मैचों में 137.83 की स्ट्राइक रेट से 255 रन अपने नाम किए हैं। ओमान से विनायक ने पिछले 9 मैचों में 224 रन बनाए हैं। जतिंदर 6 मैचों 158 रन बनाने में सफल रहे हैं। चमीरा ने 7 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार सुफयान ने 8 मैचों में 15 विकेट चटका चुके हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
श्रीलंका और ओमान के बीच यह मुकाबला कैंडी के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।