गॉल टेस्ट: श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमटी, ऐसा रहा तीसरा दिन
क्या है खबर?
गॉल टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने अपनी पारी में सभी विकेट खोकर 284 रन बनाए हैं। तीसरे दिन श्रीलंका की पारी के समापन के साथ ही स्टंप्स की घोषणा की गई। ऐसे में पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम ने 178 रन की बढ़त हासिल की है। आइए तीसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
श्रीलंका
ऐसी रही श्रीलंका की पारी
श्रीलंका की ओर से निशान फर्नांडो (0), लाहिरू उदारा (27), दिनेश चांदीमल (4), कमिंदु मेंडिस (14) और धनंजय डी सिल्वा (21) जल्दी आउट हो गए।
इसके बाद निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी खेली। उनके अलावा सोनल दिनुशा ने शतक (100) लगाते हुए फॉलो-ऑन का खतरा टाला।
श्रीलंका ने अपनी पारी के दौरान 79.4 ओवर बल्लेबाजी की।
भारत की ओर से मानव सुथार ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।
शतक
संघर्षपूर्ण रही दिनुशा की शतकीय पारी
श्रीलंका ने जब 59 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब दिनुशा क्रीज पर आए।
25 वर्षीय इस बल्लेबाज ने भारतीय स्पिनरों का डटकर सामना किया और उन्हें दूसरे छोर से डिकवेला का अच्छा साथ मिला।
तीसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 168 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए।
गेंदबाजी
ऐसी रही भारत की गेंदबाजी
बाएं हाथ के स्पिनर सुथार ने 21.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 76 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की।
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 21 ओवर में 57 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने 14 ओवर में 65 रन देते हुए एक विकेट चटकाया।
तेज गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में एक-एक विकेट आए।
जडेजा
जडेजा ने हासिल की ये उपलब्धि
तीसरे दिन के दौरान जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे किए।
वह भारत की ओर से इस आंकड़े को छूने वाले 5वें गेंदबाज बने।
जडेजा से पहले 350+ विकेट वाले भारतीय सिर्फ अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह हैं।
कुंबले टेस्ट में सर्वाधिक विकेट (619) वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उनके बाद अश्विन ने 537, कपिल ने 434 और हरभजन ने 417 विकेट लिए थे।