
श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ ने जड़ा 36वां टेस्ट शतक, इन दिग्गजों की कर ली बराबरी
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कंगारू टीम के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शानदार शतकीय पारी खेली है।
यह उनके टेस्ट करियर का 36वां और श्रीलंका के खिलाफ चौथा शतक है। उन्होंने 191 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया।
स्मिथ अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में राहुल द्रविड़ और जो रूट की बराबरी कर ली है। उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही स्मिथ की पारी
कंगारू टीम को पहली पारी में शुरुआती झटके लगे। 91 रन तक 3 बल्लेबाज पवेलियन में थे। स्मिथ नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने पहले उस्मान ख्वाजा और उसके बाद एलेक्स कैरी के साथ पारी संभाली।
ख्वाजा के साथ उन्होंने 102 गेंदों में 54 रन जोड़े।
स्मिथ रिकी पोंटिग (41 शतक) के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा शतक के मामले में वह संयुक्त रूप से 5वें स्थान पर हैं।
शतक
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
स्मिथ से ज्यादा टेस्ट क्रिकेट में शतक सिर्फ कुमार संगाकारा (38), पोंटिग (41), जैक कैलिस (45) और सचिन तेंदुलकर (51) के नाम है।
सक्रिय खिलाड़ियों में स्मिथ से आगे कोई नहीं है, उन्होंने रूट की बराबरी कर ली है।
ऑस्ट्रेलिया के सक्रिय बल्लेबाजों में स्मिथ के आस-पास भी कोई नहीं है। केन विलियमसन 33 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली के 30 शतक हैं।
रिकॉर्ड
स्मिथ ने तोड़ा पोंटिग का ये रिकॉर्ड
35 साल के इस स्टार खिलाड़ी ने कंगारू टीम के पूर्व कप्तान पोंटिंग का एक और रिकॉर्ड तोड़ दिया है।वह एशिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं।
स्मिथ ने 27वां रन बनाते ही ये रिकॉर्ड अपने नाम किया।
पोंटिग ने एशियाई सरजमीं पर 28 मैच की 48 पारियों में 41.97 की औसत से 1,889 रन बनाए थे। स्मिथ ने एशिया में 50 से ज्यादा की औसत से बल्लेबाजी की है।
रिकॉर्ड्स
ये रिकॉर्ड्स भी किए स्मिथ ने अपने नाम
स्मिथ एशिया में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उनका यह 7वां शतक है। इस खिलाड़ी ने एलेन बॉर्डर का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 6 शतक लगाए थे।
स्मिथ ने 206 पारियों में अपने 36 शतक पूरे किए हैं। वह सबसे तेज 36 शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों के मामले में दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
पोंटिग ने 200 पारियों में यह कारनामा किया था। स्मिथ ने सीरीज के पहले टेस्ट में भी शतक लगाया था।
करियर
स्मिथ के टेस्ट करियर पर एक नजर
स्मिथ ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2010 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 116 मुकाबले खेले हैं। इसकी 206 पारियों में 56 से ज्यादा की औसत के साथ 10,200 से अधिक रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 36 शतक और 42 अर्धशतक निकले हैं।
स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उनके बल्ले से 37 टेस्ट में 3,417 रन निकले हैं।