टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर हुए श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा- रिपोर्ट
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की थी। अब श्रीलंकाई टीम को अपने दूसरे मैच में 12 फरवरी को ओमान क्रिकेट टीम से भिड़ना है। इस बीच खबर है कि श्रीलंकाई ऑलराउंडर वनिंदु हसरंगा चोट के कारण बचे हुए टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। हालांकि, अभी श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
हसरंगा की जगह पर दूषण हेमंथा को मिल सकता है मौका
क्रिकइंफो के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने हसरंगा की जगह पर दूषण हेमंथा को टी-20 विश्व कप के लिए मौका दिए जाने की उम्मीद है। ऑलराउंडर हेमंथा ने अब तक श्रीलंका की ओर से 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए हैं। वह लेग स्पिन गेंदबाजी कराते हैं। 31 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच सितंबर 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था।
चोट
आयरलैंड के खिलाफ पिछले मैच में चोटिल हुए थे हसरंगा
सोमवार को हुए MRI स्कैन में उनके बाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट का पता चला। बता दें कि हसरंगा को बीते रविवार को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने अपना स्पेल पूरा किया था। इस दिग्गज लेग स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए थे, और जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
आंकड़े
टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट वाले श्रीलंकाई हैं हसरंगा
हसरंगा ने टी-20 विश्व कप में अब तक 20 मैच खेले हैं, जिसमें 11.47 की औसत के साथ 40 विकेट लिए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 6 की रही है। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8 रन पर 3 विकेट लेना रहा है। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में फिलहाल दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ शाकिब अल हसन (50) ने लिए हैं।