इंग्लैंड दौरे के लिए श्रीलंका की वनडे और टी-20 टीम घोषित, दासुन शनाका की हुई वापसी
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम को 15 सितंबर से इंग्लैंड दौरे पर टी-20 सीरीज और इसके बाद 22 सितंबर से वनडे सीरीज खेलनी है। इन दोनों सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अपनी टीमें घोषित की हैं। पूर्व कप्तान दासुन शनाका की वनडे सीरीज में वापसी हुई है। तेज गेंदबाज मिलन रत्नायके और प्रमोद मदुशन अपनी जगह नहीं बना सके हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
टीम
शनाका ने 2024 में आखिरी बार खेला था वनडे मैच
इंग्लैंड दौरे पर कुसल मेंडिस वनडे और टी-20 दोनों टीमों की कप्तानी करेंगे।
कामिंदु मेंडिस को दोनों टीमों में बरकरार रखा गया है, जबकि दासुन शनाका जनवरी 2024 के बाद पहली बार वनडे टीम में वापसी कर रहे हैं।
शनाका के चयन के साथ वनडे विश्व कप 2027 से पहले श्रीलंका के मध्य क्रम को मजबूती मिलेगी।
वहीं चयनकर्ताओं ने लेग स्पिनर सचिंदु कोलंबगे को भी पहली बार शामिल किया है।
असलंका
चरिथ असलंका को बनाया गया उपकप्तान
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम से बाहर किए गए चरिथ असलंका को लंका प्रीमियर लीग (LPL) में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में वापस बुलाया गया है।
असलंका ने टूर्नामेंट की विजेता टीम गॉल गैलेंट्स के लिए 38.50 की औसत और 153.38 के स्ट्राइक-रेट से कुल 385 रन बनाए, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल थे।
उन्हें श्रीलंका टीम के उपकप्तान के रूप में चुना गया है।
टीम
ऐसी है वनडे और टी-20 टीम
श्रीलंका की वनडे टीम: कुसल मेंडिस (कप्तान), चरिथ असलांका (उप-कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेलालागे, महीश तीक्षाना, सचिन्दु कोलोम्बेज, दुष्मंथा चमीरा, ईशान मलिंगा, असिथा फर्नांडो, और दिलशान मदुशंका।
श्रीलंका की टी-20 टीम: कुसल मेंडिस (कप्तान), चरिथ असलांका (उप-कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, लाहिरु उदारा, कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानगे, दासुन शनाका, डुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षाना, थारिंडु रथनायके, दुष्मंथा चमीरा, ईशान मलिंगा, नुवान तुषारा, और बिनुरा फर्नांडो।
शेड्यूल
ऐसा है श्रीलंका का कार्यक्रम
श्रीलंका के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत 15 सितंबर को साउथहैम्पटन में होने वाले टी-20 मैच से हो जाएगी।
इसके बाद 17 और 19 को क्रमशः दूसरा और तीसरा टी-20 मैच होगा। दूसरा मुकाबला कार्डिफ और तीसरा मैच मैनचेस्टर में होना है।
टी-20 सीरीज के बाद 22 सितंबर को चेस्टर ली स्ट्रीट में पहला वनडे मैच होगा। इसके बाद 24 सितंबर को हेडिंग्ले में दूसरा और 27 सितंबर को केनिंग्टन ओवल में तीसरा मैच होगा।