पहले वनडे में श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका को हराया, बने ये रिकार्ड्स

कोलंबो में खेले गए पहले वनडे में श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका को 14 रनों से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रीलंका ने पहले खेलते हुए अविष्का फर्नांडो के शतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 300/9 का स्कोर बनाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका पूरे ओवर खेलकर 286/6 का स्कोर ही बना सकी। मैच में बने रिकार्ड्स पर डालते हैं।
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए श्रीलंका से फर्नांडो ने अपने वनडे करियर का तीसरा शतक लगाया। उनके अलावा चरित असलंका (72) और धनंजय डिसिल्वा (44) ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज ने 30 रन देकर दो विकेट लिए। जवाब में एडेन मार्करम (96) और रसी वैन डेर डसेन (59) के अर्धशतकों के बावजूद दक्षिण अफ्रीका लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
सलामी बल्लेबाज फर्नांडो ने मिनोद भानुका के साथ मिलकर श्रीलंका टीम अच्छी शुरुआत दिलवाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट लिए 57 रन जोड़े। फर्नांडो ने 115 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 118 रन बनाए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में दो छक्के भी लगाए। यह उनका दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला और अपने घर पर दूसरा शतक है। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे फर्नांडो, तबरेज शम्सी की गेंद पर आउट हुए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एडेन मार्करम ने अपने वनडे करियर का नौवां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पहले विकेट के लिए जानेमन मलान (23) के साथ 49 रन बनाए। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे मार्करम शतक से चूक गए और 90 गेंदों में 96 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। वहीं रसी वैन डेर डसेन (59) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।
अकिला धनंजय ने अपने 10 ओवरों में 65 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं प्रवीण जयविक्रमा ने 4.7 के इकॉनमी रेट से एक विकेट लिया। इनके अलावा वानिंदू हसरंगा ने अपने 10 ओवरों में 52 रन देकर एक विकेट लिया। हसरंगा ने एक मेडेन ओवर भी किया। वहीं करुणारत्ने के हिस्से में भी एक विकेट आया। वहीं कप्तान शनाका ने दो ओवर गेंदबाजी की और कोई विकेट नहीं ले सके।