Page Loader
डे-नाइट टेस्ट: 109 के स्कोर पर सिमटी श्रीलंका, भारत को मिली 143 रनों की बढ़त
तस्वीर- Twitter/ICC

डे-नाइट टेस्ट: 109 के स्कोर पर सिमटी श्रीलंका, भारत को मिली 143 रनों की बढ़त

लेखन Neeraj Pandey
Mar 13, 2022
02:32 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरु में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट में भारत ने श्रीलंका पर अपना शिकंजा कस दिया है। पहली पारी में 252 रन बनाने के बाद भारत ने श्रीलंका की पहली पारी 109 रनों पर समाप्त कर दी है। भारत ने पहली पारी में 143 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे अधिक पांच विकेट हासिल किए हैं। आइए जानते हैं कैसी रही श्रीलंका की पारी।

न्यूनतम स्कोर

श्रीलंका ने बनाया भारत के खिलाफ अपना दूसरा न्यूनतम स्कोर

109 का यह स्कोर श्रीलंका के लिए टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ दूसरा सबसे कम स्कोर हो गया है। भारत के खिलाफ उनका सबसे न्यूनतम स्कोर 82 का है। 1990 में चंडीगढ़ में श्रीलंका 82 के स्कोर पर सिमटी थी। 2015 में भारत ने कोलंबो में श्रीलंका को 134 के स्कोर पर समेटा था। दूसरे दिन श्रीलंका ने 5.5 ओवर्स में अपने आखिरी चार विकेट गंवाए हैं।

जसप्रीत बुमराह

बुमराह ने बनाया ये रिकॉर्ड

पहले दिन तीन विकेट लेने वाले बुमराह ने दूसरे दिन की शुरुआत भी दो विकेट लेकर की। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में आठवीं बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं। 29 टेस्ट मैचों के बाद वह कपिल देव के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक फाइव विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज हैं। बुमराह ने पहली बार भारत में पारी में पांच विकेट हासिल किए हैं। अब तक उन्होंने सारे फाइव विकेट हॉल विदेश में लिए थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

24 रन देकर पांच विकेट लेने के साथ ही बुमराह श्रीलंका के खिलाफ सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले इशांत शर्मा ने 2015 में 54 रन देकर पांच विकेट लिए थे।

बल्लेबाजी

मैथ्यूज के अलावा अन्य बल्लेबाजों ने किया निराश

श्रीलंका ने 28 के स्कोर पर ही चार विकेट गंवा दिए थे। एंजेलो मैथ्यूज ने अच्छी बल्लेबाजी की और 85 गेंदों का सामना करते हुए 43 रन बनाए, लेकिन पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले उनका आउट होना श्रीलंका के लिए बड़ा झटका था। मैथ्यूज के अलावा श्रीलंका का कोई अन्य बल्लेबाज विकेट पर खड़ा नहीं हो सका। कुल मिलाकर केवल तीन ही खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा छू सके।