LOADING...
SRH बनाम RR: हेनरिक क्लासेन ने IPL में पूरे किए 1,000 रन, जानिए उनके आंकड़े 
हेनरिक क्लासेन ने पूरे किए 1,000 IPL रन (तस्वीर: एक्स/@SunRisers)

SRH बनाम RR: हेनरिक क्लासेन ने IPL में पूरे किए 1,000 रन, जानिए उनके आंकड़े 

Mar 23, 2025
06:21 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ तूफानी पारी (34) खेली। वह भले ही अर्धशतक नहीं बना पाए, लेकिन उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अपनी पारी का 7वां रन बनाने ही उनके IPL में 1,000 रन पूरे हो गए हैं। उनकी पारी से SRH को IPL इतिहास का दूसरा सर्वाेच्च स्कोर (286/6) बनाने में मदद मिली। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

उपलब्धि

सबसे कम गेंदों में 1,000 रन पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी

क्लासेन ने 1,000 रन के आंकड़े तक पहुंचने में 594 गेंदों का सहारा लिया है। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में सबसे कम गेंदों में यह आंकड़ा छूने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने केवल 564 गेंदों में इस आंकड़े को छुआ था। इसी तरह वीरेंद्र सहवाग तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 1,000 रन तक पहुंचने के लिए 604 गेंदें खेली थी।

करियर

कैसा रहा है क्लासेन का IPL करियर?

क्लासेन ने साल 2018 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 36 मैचों की 33 पारियों में 38.03 की औसत से 1,027 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 170.03 की रही है। उन्होंने अपने करियर में एक शतक और 6 अर्द्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन का रहा है। वह विकेट के पीछे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 20 शिकार कर चुके हैं।