LOADING...
दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल बाद जीता ICC खिताब, जानिए इससे पहले कब मिली थी जीत 
दक्षिण अफ्रीका ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल बाद जीता ICC खिताब, जानिए इससे पहले कब मिली थी जीत 

Jun 14, 2025
05:19 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर 27 साल बाद ICC ट्रॉफी जीती है। यह जीत सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि उस इंतजार का अंत है जो 1998 में चैंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद से चला आ रहा था। लंबे समय तक अधूरी उम्मीदों की पहचान बनी यह टीम अब इतिहास में दर्ज हो गई है। ऐसे में आइए 27 साल पहले मिली उस जीत की पूरी कहानी जान लेते हैं।

टीम

1998 में ही हुई थी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 

1998 में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत की थी, जिसे तब ICC नॉक आउट टूर्नामेंट या इंटरनेशनल कप कहा जाता था। इसका पहला संस्करण बांग्लादेश में खेला गया था। टूर्नामेंट में कुल 9 टीमें शामिल थीं- भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे। प्रतियोगिता में कुल 8 मैच खेले गए थे। इसके बाद यह टूर्नामेंट ICC के बहुचर्चित आयोजनों में से एक बन गया। इसी टूर्नामेंट को दक्षिण अफ्रीका ने जीता था।

सफर

ऐसा रहा था दक्षिण अफ्रीका का सफर 

दक्षिण अफ्रीका ने उस टूर्नामेंट में 3 मुकाबले खेले थे। उसे पहले मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 6 विकेट से जीत मिली थी। इसके बाद उसने पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 92 रनों से हराया था। फाइनल मुकाबला वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला गया था। उस मैच को दक्षिण अफ्रीका ने 4 विकेट से अपने नाम किया था। जैक्स कैलिस ने 30 रन देकर 5 विकेट झटके थे।

Advertisement

बल्लेबाज

दक्षिण अफ्रीका के इन बल्लेबाजों ने किया था शानदार प्रदर्शन 

कैलिस उस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 3 मुकाबलों की 3 पारियों में 82 की उम्दा औसत के साथ 164 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113* रन रहा था। टीम के कप्तान हैंसी क्रोनिए ने 3 पारियों में 74 की औसत से 148 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 67 रन था।

Advertisement

गेंदबाज

दक्षिण अफ्रीका के लिए इन गेंदबाजों ने झटके थे सबसे ज्यादा विकेट

दक्षिण अफ्रीका के लिए उस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट भी कैलिस ने ही लिए थे। इस दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी ने 3 पारियों में 14 की औसत से 8 विकेट चटकाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/30 का रहा था। स्टीव एलवर्थी इस सूची में दूसरे स्थान पर थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 3 मैचों में 14.25 की औसत से 4 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/21 का रहा था।

Advertisement