दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश: लिटन दास ने जड़ा 8वां टेस्ट शतक, मुशफिकुर रहीम को पछाड़ा
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (120) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 8वां और प्रोटियाज टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 154 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही बांग्लादेश टीम अपनी पहली पारी में 400 का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही लिटन की पारी और साझेदारी?
बांग्लादेश को पहली पारी में 121 रन के कुल स्कोर पर 5 झटके लग गए थे।
इसके बाद बल्लेबाजी पर आए लिटन ने तौहीद हृदोय (132) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 206 रनों की दोहरी शतकीय साझेदारी हुई।
इस दौरान लिटन ने पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और दूसरे दिन उसे शतक में तब्दील कर दिया। वह 179 गेंदों में 14 चौके और एक छक्के से 120 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
लिटन ने बतौर कीपर जड़ा 7वां शतक
यह लिटन का बतौर कीपर 7वां टेस्ट शतक है। इसके साथ ही वह बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक टेस्ट शतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 6 शतक दर्ज हैं।
वह एशिया के बाहर टेस्ट शतक लगाने वाले तीसरे बांग्लादेशी विकेटकीपर भी बने हैं। उनसे पहले मुशफिकुर (वेलिंगटन, 2017 में 159 और किंग्सटाउन, 2014 में 116) और खालिद मशूद (ग्रोस आइलेट, 2004 में 103*) ने शतक जड़े थे।
अन्य
लिटन ने हासिल की ये अन्य उपलब्धियां
लिटन ने विदेशों में अपने 1,500 टेस्ट रन भी पूरे कर लिए। उनके नाम अब 30 टेस्ट मैचों में 30.64 की औसत से 1,563 रन हो गए हैं। इसमें 3 शतक और 7 अर्धशतक भी शामिल हैं।
इसी तरह लिटन एशिया के बाहर 7 या उससे कम नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बने हैं।
सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड महमूदुल्लाह (150 बनाम जिम्बाब्वे, 2021) के नाम दर्ज है।
करियर
कैसा रहा है लिटन का टेस्ट करियर?
लिटन ने 2015 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह 60 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 104 पारियों में 36.84 की औसत से 3,684 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान 8 शतक के अलावा 21 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141 रन का रहा है।
लिटन और ह्रदोय के बीच हुई 206 रन की साझेदारी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए बांग्लादेश की सबसे बड़ी साझेदारी है।